G-QKE15KJ9P0 25777229988609873
ChhattisgarhINDIAKabirdhamखास-खबर

स्वामी विवेकानंद अकादमी के 100 प्रशिक्षुओं का हुआ उत्साहवर्धन, प्रदान की गई अकादमी की टी-शर्ट

प्रतियोगी परीक्षाओं एवं पुलिस-सेना भर्ती की तैयारी कर रहे युवक-युवतियों को मिला प्रोत्साहन

कवर्धा। जिले के युवक-युवतियों को प्रतियोगी परीक्षाओं तथा पुलिस, सेना एवं अन्य सुरक्षा बलों की भर्ती के लिए शारीरिक एवं लिखित परीक्षा की बेहतर तैयारी उपलब्ध कराने के उद्देश्य से संचालित स्वामी विवेकानंद अकादमी में प्रशिक्षण प्राप्त कर रहे 100 युवक-युवतियों का विशेष रूप से उत्साहवर्धन किया गया। इस दौरान सभी प्रशिक्षुओं को अकादमी की टी-शर्ट वितरित की गई।

युवाओं के मनोबल को बढ़ाने एवं उन्हें अपने लक्ष्य के प्रति अधिक प्रेरित करने के उद्देश्य से यह पहल आईपीएस धर्मेंद्र सिंह की प्रेरणा, वनमंडलाधिकारी निखिल अग्रवाल तथा समाज कल्याण विभाग के सहयोग से की गई। कार्यक्रम में अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक अमित पटेल ने प्रशिक्षुओं को टी-शर्ट प्रदान करते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की और आगामी प्रतियोगी परीक्षाओं एवं भर्ती प्रक्रियाओं में सफलता के लिए शुभकामनाएं दीं।

इस अवसर पर अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक अमित पटेल ने कहा कि स्वामी विवेकानंद अकादमी जिले के युवाओं के लिए एक उत्कृष्ट मंच है, जहां उन्हें अनुशासित एवं गुणवत्तापूर्ण प्रशिक्षण प्रदान किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि निरंतर अभ्यास, अनुशासन, आत्मविश्वास और दृढ़ संकल्प सफलता की सबसे मजबूत आधारशिला हैं। यदि युवा पूरी निष्ठा, समर्पण और लगन के साथ अपने लक्ष्य की दिशा में लगातार प्रयास करते रहें, तो सफलता निश्चित रूप से मिलेगी।

उपसंचालक, समाज कल्याण विभाग अभिलाषा पांडा ने कहा कि विभाग की प्राथमिकता युवक-युवतियों को बेहतर अवसर उपलब्ध कराना तथा उन्हें प्रतियोगी परीक्षाओं एवं विभिन्न भर्ती प्रक्रियाओं के लिए सक्षम बनाना है। उन्होंने कहा कि ऐसे प्रेरणादायी प्रयास युवाओं के आत्मविश्वास को मजबूत करते हैं और उन्हें अपने लक्ष्य की प्राप्ति के लिए निरंतर प्रेरित करते हैं।

टी-शर्ट प्राप्त करने के बाद प्रशिक्षु युवक-युवतियों ने प्रसन्नता व्यक्त करते हुए आईपीएस धर्मेंद्र सिंह, पुलिस विभाग, वन विभाग एवं समाज कल्याण विभाग के प्रति आभार जताया। उन्होंने कहा कि इस प्रकार का प्रोत्साहन उन्हें अपने लक्ष्य के प्रति और अधिक समर्पण के साथ तैयारी करने की प्रेरणा देगा।

कार्यक्रम में प्रधान आरक्षक घनाराम सिन्हा, प्रशिक्षक आरक्षक दशरथ साहू, रीना शर्मा सहित स्वामी विवेकानंद अकादमी के प्रशिक्षण प्राप्त कर रहे युवक-युवतियां उपस्थित रहे।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button

You cannot copy content of this page