G-QKE15KJ9P0 25777229988609873
ChhattisgarhINDIARaipurखास-खबर

38 वर्षों में पहली बार रिकॉर्ड कीमत पर बिका गीदम का तेंदूपत्ता, 10,909 रुपये प्रति मानक बोरा मिला भाव

करीब चार हजार संग्राहक परिवारों को मिलेगा बोनस का लाभ, ऑनलाइन निविदा से बनी ऐतिहासिक उपलब्धि

रायपुर, 19 जुलाई 2026। दंतेवाड़ा जिले की गीदम प्राथमिक लघु वनोपज सहकारी समिति ने तेंदूपत्ता विक्रय में 38 वर्षों का इतिहास रच दिया है। राज्य लघु वनोपज संघ द्वारा 16 जुलाई 2026 को आयोजित ऑनलाइन निविदा में समिति के तेंदूपत्ते को 10,909 रुपये प्रति मानक बोरा तक की रिकॉर्ड कीमत मिली, जो समिति के इतिहास में अब तक की सर्वाधिक दर है।

ऑनलाइन निविदा में गीदम समिति का तेंदूपत्ता 10,609 रुपये और 10,909 रुपये प्रति मानक बोरा की दर से बिका। इस उपलब्धि को वनाश्रित परिवारों की आय बढ़ाने की दिशा में बड़ी सफलता माना जा रहा है।

वन एवं जलवायु परिवर्तन मंत्री केदार कश्यप ने इस उपलब्धि पर प्रसन्नता व्यक्त करते हुए कहा कि पारदर्शी ऑनलाइन निविदा प्रणाली और गुणवत्तापूर्ण कार्यप्रणाली का लाभ अब सीधे तेंदूपत्ता संग्राहकों तक पहुंच रहा है। उन्होंने कहा कि राज्य सरकार लघु वनोपज के बेहतर विपणन और वनाश्रित परिवारों की आर्थिक स्थिति मजबूत करने के लिए लगातार प्रयास कर रही है।

चार हजार परिवारों को मिलेगा बोनस

रिकॉर्ड कीमत मिलने से समिति को अतिरिक्त आय प्राप्त होगी, जिसका लाभ करीब चार हजार तेंदूपत्ता संग्राहक परिवारों को बोनस के रूप में मिलेगा। इससे वनाश्रित परिवारों की आय में वृद्धि होगी और उनकी आर्थिक स्थिति और अधिक सुदृढ़ होगी।

डीबीटी से पारदर्शी भुगतान

राज्य सरकार तेंदूपत्ता संग्रहण, बोनस, छात्रवृत्ति, बीमा और अन्य लघु वनोपज योजनाओं में डिजिटल व्यवस्था को बढ़ावा दे रही है। प्रत्यक्ष लाभ अंतरण (डीबीटी) के माध्यम से राशि सीधे संग्राहकों के बैंक खातों में जमा की जा रही है, जिससे भुगतान प्रक्रिया पारदर्शी, सुरक्षित और समयबद्ध बनी है।

सामूहिक प्रयासों को मिली सफलता

वन मंत्री श्री केदार कश्यप ने इस ऐतिहासिक उपलब्धि के लिए मुख्य वन संरक्षक, दंतेवाड़ा वनमंडलाधिकारी, जिला लघु वनोपज सहकारी संघ, समिति के पदाधिकारियों, फड़ मुंशियों तथा सभी अधिकारी-कर्मचारियों को बधाई दी। उन्होंने कहा कि सभी के सामूहिक प्रयासों से गीदम समिति ने यह नया कीर्तिमान स्थापित किया है। राज्य सरकार भविष्य में भी तेंदूपत्ता एवं अन्य लघु वनोपजों के माध्यम से वनाश्रित परिवारों की आय बढ़ाने के लिए निरंतर प्रयास करती रहेगी।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button

You cannot copy content of this page