अतिवृष्टि प्रभावित क्षेत्रों में राहत कार्य तेज करने के निर्देश, हर जरूरतमंद तक तत्काल पहुंचे सहायता : मुख्यमंत्री
https://x.com/i/status/2078194249842192843
रायपुर। मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने बिलासपुर और जांजगीर-चांपा जिलों में हुई अतिवृष्टि एवं जलभराव की स्थिति पर गंभीर चिंता जताते हुए जिला प्रशासन को राहत एवं बचाव कार्यों में तेजी लाने के निर्देश दिए हैं। उन्होंने कहा कि प्रभावित क्षेत्रों में किसी भी प्रकार की लापरवाही नहीं बरती जाए और प्रत्येक जरूरतमंद व्यक्ति तक समय पर राहत एवं आवश्यक सहायता पहुंचाई जाए।
मुख्यमंत्री ने अधिकारियों को निर्देशित किया है कि प्रभावित परिवारों को राहत सामग्री, भोजन, पेयजल, चिकित्सा सुविधा तथा अन्य आवश्यक संसाधन बिना किसी विलंब के उपलब्ध कराए जाएं। साथ ही जलभराव वाले क्षेत्रों में त्वरित जलनिकासी, क्षतिग्रस्त सड़कों की शीघ्र मरम्मत और जनसुविधाओं की जल्द बहाली सुनिश्चित करने के लिए सभी उपलब्ध संसाधनों का प्रभावी उपयोग किया जाए।
मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य सरकार पूरी स्थिति पर लगातार नजर बनाए हुए है और प्रभावित क्षेत्रों की निरंतर मॉनिटरिंग की जा रही है। आवश्यकता पड़ने पर अतिरिक्त संसाधन और राहत सामग्री भी तत्काल उपलब्ध कराई जाएगी, ताकि राहत एवं बचाव कार्यों में किसी प्रकार की बाधा न आए।
उन्होंने कहा कि प्रदेशवासियों की सुरक्षा और प्रत्येक प्रभावित परिवार तक समय पर राहत पहुंचाना राज्य सरकार की सर्वोच्च प्राथमिकता है। सरकार पूरी संवेदनशीलता और तत्परता के साथ प्रभावित नागरिकों के साथ खड़ी है तथा जनजीवन को जल्द से जल्द सामान्य बनाने के लिए हरसंभव प्रयास किए जा रहे हैं।


