मुख्यमंत्री हेल्पलाइन 1076 और सेवा सेतु से बदल रही हजारों लोगों की जिंदगी

समयबद्ध समाधान और त्वरित सेवाओं से बढ़ा जनता का भरोसा, राशन कार्ड, आधार सुधार और निवास प्रमाण पत्र जैसी समस्याओं का हो रहा तत्काल निराकरण

रायपुर, 16 जुलाई 2026। मुख्यमंत्री श्री विष्णुदेव साय के नेतृत्व में प्रदेश में सुशासन को मजबूत बनाने के उद्देश्य से संचालित मुख्यमंत्री हेल्पलाइन 1076 और सेवा सेतु आम नागरिकों के लिए भरोसेमंद मंच बनकर उभरे हैं। इन दोनों माध्यमों से वर्षों से लंबित समस्याओं का समयबद्ध, पारदर्शी और प्रभावी समाधान किया जा रहा है। राशन कार्ड, आधार कार्ड, निवास प्रमाण पत्र सहित विभिन्न शासकीय सेवाएं अब पहले की तुलना में अधिक सरल, तेज और सुगम तरीके से लोगों तक पहुंच रही हैं।
दुर्ग जिले के पाटन विकासखंड के ग्राम ओरी निवासी श्री अभिषेक चतुर्वेदी लंबे समय से अपनी पत्नी श्रीमती शीतल चतुर्वेदी का राशन कार्ड बनवाने का प्रयास कर रहे थे। संबंधित विभाग में आवेदन देने के बावजूद विभिन्न कारणों से राशन कार्ड जारी नहीं हो पा रहा था, जिससे परिवार सार्वजनिक वितरण प्रणाली और अन्य शासकीय योजनाओं के लाभ से वंचित था। मुख्यमंत्री हेल्पलाइन 1076 में शिकायत दर्ज करने के बाद संबंधित विभाग ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आवश्यक प्रक्रिया पूरी की और कुछ ही दिनों में राशन कार्ड जारी कर दिया। परिवार ने राहत मिलने पर मुख्यमंत्री और जिला प्रशासन के प्रति आभार व्यक्त किया।
इसी प्रकार, खैरागढ़ जिले की श्रीमती शमाबाई कुमुद रामटेके लंबे समय से आधार कार्ड में त्रुटियों के कारण परेशान थीं। कई बार प्रयास करने और विभिन्न कार्यालयों के चक्कर लगाने के बावजूद समस्या का समाधान नहीं हो पा रहा था। मुख्यमंत्री हेल्पलाइन में शिकायत दर्ज होने के बाद अधिकारियों ने तत्काल कार्रवाई करते हुए आधार कार्ड में पते की त्रुटि का सुधार कराया, बायोमेट्रिक अपडेट कराया और पूरी प्रक्रिया सफलतापूर्वक पूर्ण कर उन्हें राहत दिलाई। समय पर समाधान मिलने पर उन्होंने मुख्यमंत्री हेल्पलाइन और प्रशासन का आभार व्यक्त किया।
वहीं, खैरागढ़ जिले के ग्राम पचपेड़ी निवासी श्री इन्द्रेश कुमार विश्वकर्मा को इंजीनियरिंग प्रवेश के लिए तत्काल निवास प्रमाण पत्र की आवश्यकता थी। समय पर दस्तावेज उपलब्ध नहीं होने से उनका प्रवेश प्रभावित होने की आशंका थी। उन्होंने सेवा सेतु के माध्यम से आवेदन किया, जिस पर प्रशासन ने संवेदनशीलता दिखाते हुए उसी दिन आवेदन का परीक्षण कर निवास प्रमाण पत्र जारी कर दिया। इससे उनका इंजीनियरिंग कॉलेज में प्रवेश सुरक्षित हो सका। श्री इन्द्रेश ने कहा कि समय पर मिली प्रशासनिक सहायता उनके शैक्षणिक भविष्य के लिए बेहद महत्वपूर्ण साबित हुई।
प्रदेश सरकार का कहना है कि मुख्यमंत्री हेल्पलाइन 1076 और सेवा सेतु के माध्यम से नागरिकों तक शासकीय सेवाओं की सहज और त्वरित पहुंच सुनिश्चित की जा रही है। इन पहलों से शासन के प्रति आमजन का विश्वास लगातार मजबूत हो रहा है तथा पारदर्शी, जवाबदेह और समयबद्ध प्रशासन की अवधारणा को मजबूती मिल रही है।
सरकार का उद्देश्य प्रत्येक नागरिक को बिना अनावश्यक विलंब के आवश्यक शासकीय सेवाएं उपलब्ध कराना है, ताकि हर पात्र व्यक्ति तक योजनाओं का लाभ सरलता और समयबद्ध तरीके से पहुंच सके। मुख्यमंत्री हेल्पलाइन और सेवा सेतु इसी दिशा में प्रभावी माध्यम बनकर प्रदेश में सुशासन की नई मिसाल प्रस्तुत कर रहे हैं।



