दिनदहाड़े व्यापारी का अपहरण कर मारपीट, छह आरोपी हिरासत में; इनोवा जब्त
https://youtube.com/shorts/CPKg1n7ZsOg?si=CGxZB3wfOycaYSHg
कवर्धा, 15 जुलाई। कबीरधाम पुलिस ने दिनदहाड़े एक व्यापारी का अपहरण कर मारपीट और जान से मारने की धमकी देने के मामले में त्वरित कार्रवाई करते हुए छह आरोपियों को हिरासत में लिया है। घटना में प्रयुक्त इनोवा वाहन भी पुलिस ने जब्त कर लिया है। आरोपियों के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की विभिन्न गंभीर धाराओं के तहत मामला दर्ज कर वैधानिक कार्रवाई की जा रही है।
पुलिस अधीक्षक धर्मेंद्र सिंह के निर्देशन तथा अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक पुष्पेंद्र बघेल, अमित पटेल एवं उप पुलिस अधीक्षक (मुख्यालय) आशीष शुक्ला के पर्यवेक्षण में थाना कवर्धा पुलिस ने यह कार्रवाई की।
पुलिस के अनुसार रायपुर रोड स्थित कुर्मी छात्रावास के पास बोरवेल व्यवसाय संचालित करने वाले चंद्रशेखर चंद्रवंशी (48) ने रिपोर्ट दर्ज कराई कि 15 जुलाई को सुबह करीब 11 बजे ग्राम महगांव निवासी विष्णु चंद्रवंशी अपने पांच साथियों के साथ इनोवा वाहन से उनकी दुकान पहुंचा। पुरानी रंजिश को लेकर आरोपियों ने दुकान में घुसकर गाली-गलौज की और मारपीट शुरू कर दी। इसके बाद जबरन उन्हें इनोवा में बैठाकर सैगोना रोड स्थित कुलेश्वर चंद्रवंशी के फार्म हाउस ले गए, जहां दोबारा मारपीट कर जान से मारने की धमकी दी गई।
घटना की जानकारी दुकान में मौजूद कर्मचारियों ने परिजनों और परिचितों को दी, जिसके बाद पुलिस को सूचना मिली।
शिकायत के आधार पर थाना कवर्धा में अपराध क्रमांक 282/2026 दर्ज कर भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की धारा 333, 296, 115(2), 351(3), 3(5) एवं 142 के तहत मामला कायम किया गया।
सूचना मिलते ही थाना प्रभारी निरीक्षक योगेश कश्यप के नेतृत्व में पुलिस टीम ने तत्काल कार्रवाई करते हुए पीड़ित को सकुशल बरामद कर लिया। साथ ही घटना में शामिल छह आरोपियों को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू की गई तथा वारदात में प्रयुक्त इनोवा वाहन जब्त कर लिया गया।
कबीरधाम पुलिस ने कहा है कि मामले की विवेचना जारी है और सभी आरोपियों के विरुद्ध कानून के अनुसार कड़ी कार्रवाई की जाएगी। पुलिस ने आम नागरिकों से किसी भी प्रकार की आपराधिक गतिविधि या कानून-व्यवस्था से जुड़ी सूचना तत्काल नजदीकी थाना या डायल-112 पर देने की अपील की है।



