वीबी-जी रामजी योजना के तहत सारंगढ़ में पर्यावरण संरक्षण की अनूठी पहल

स्व-सहायता समूहों की महिलाओं ने तैयार किए 30 हजार सीड बॉल, ग्राम पंचायतों में किया गया वितरण
मानव श्रृंखला बनाकर दिया पौधारोपण और जल संरक्षण का संदेश

रायपुर, 14 जुलाई। विकसित भारत-गारंटी फॉर रोजगार एवं आजीविका मिशन (ग्रामीण) (वीबी-जी रामजी) के अंतर्गत सारंगढ़-बिलाईगढ़ जिले में पर्यावरण संरक्षण और जनभागीदारी को बढ़ावा देने की दिशा में अभिनव पहल की गई। जनपद पंचायत सारंगढ़ की ग्राम पंचायत गोड़म में सीएलएफ क्लस्टर से जुड़ी स्व-सहायता समूहों की महिलाओं ने लगभग 30 हजार सीड बॉल तैयार किए।
इन सीड बॉल का वितरण जिला पंचायत अध्यक्ष, कलेक्टर, जिला पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी, क्लस्टर के सरपंचों, विभिन्न विभागों के अधिकारियों तथा स्व-सहायता समूहों की दीदियों की उपस्थिति में क्लस्टर अंतर्गत आने वाली ग्राम पंचायतों को किया गया।
मानव श्रृंखला बनाकर मनाया बीज रोपण उत्सव
कार्यक्रम के दौरान सभी जनप्रतिनिधियों, अधिकारियों एवं महिलाओं ने मानव श्रृंखला बनाकर बीज रोपण उत्सव मनाया। इस अवसर पर लोगों को वीबी-जी रामजी योजना के तहत पौधारोपण करने, पर्यावरण संरक्षण और जल संरक्षण का संदेश दिया गया।
तालाबों और डबरियों की मेड़ों पर होगा रोपण
कार्यक्रम में निर्देश दिए गए कि तैयार किए गए सीड बॉल का उपयोग वीबी-जी रामजी योजना के अंतर्गत निर्मित तालाबों, डबरियों की मेड़ों तथा अन्य उपयुक्त स्थलों पर किया जाएगा। इसका उद्देश्य वर्षा ऋतु में हरित आवरण बढ़ाना, पर्यावरण संरक्षण को बढ़ावा देना तथा जल संरक्षण के प्रयासों को और अधिक प्रभावी बनाना है।
योजना के उद्देश्यों की दी गई जानकारी
इस अवसर पर उपस्थित जनप्रतिनिधियों, अधिकारियों और ग्रामीणों को वीबी-जी रामजी योजना के उद्देश्यों, जल संरक्षण, प्राकृतिक संसाधन प्रबंधन तथा जनभागीदारी आधारित विकास कार्यों की विस्तार से जानकारी दी गई। सभी से अभियान में सक्रिय भागीदारी निभाने और इसे जनआंदोलन का स्वरूप देने का आह्वान किया गया।


