तेन्दूपत्ता संग्राहकों के खातों में पहुंचने लगी बोनस राशि, 46,840 हितग्राहियों को मिलेंगे 17.43 करोड़ रुपये

रायपुर। मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय की पहल और वन मंत्री केदार कश्यप के मार्गदर्शन में वर्ष 2023 के तेन्दूपत्ता संग्रहण के लिए प्रोत्साहन पारिश्रमिक (बोनस) का वितरण शुरू हो गया है। राज्य स्तरीय सहकारिता सप्ताह एवं अंतरराष्ट्रीय सहकारिता दिवस के अवसर पर शुरू हुई इस प्रक्रिया के तहत धरमजयगढ़ जिला वनोपज सहकारी यूनियन के 46,840 संग्राहकों के बैंक खातों में 17.43 करोड़ रुपये की बोनस राशि ऑनलाइन अंतरित की जा रही है।
वनमंडलाधिकारी एवं पदेन प्रबंध संचालक, जिला वनोपज सहकारी यूनियन मर्यादित धरमजयगढ़ के अनुसार जिला यूनियन की 58 प्राथमिक वनोपज सहकारी समितियों में बोनस वितरण किया जा रहा है। वर्ष 2023 के संग्रहण सीजन में जिला यूनियन की 59 समितियों के माध्यम से 70,945.485 मानक बोरा तेन्दूपत्ता संग्रहित किया गया था।
बोनस वितरण में प्राथमिक वनोपज सहकारी समिति बोरो को सर्वाधिक 4,710.58 रुपये प्रति मानक बोरा की दर से प्रोत्साहन पारिश्रमिक मिला है। इसके बाद प्राथमिक समिति रायमेर को 4,616.76 रुपये प्रति मानक बोरा की दर से बोनस प्राप्त हुआ है।
वन विभाग द्वारा बोनस राशि सीधे हितग्राहियों के बैंक खातों में ऑनलाइन भेजी जा रही है, जिससे भुगतान प्रक्रिया अधिक पारदर्शी और सरल बनी है। संग्राहकों ने बताया कि इस राशि का उपयोग वे खेती-किसानी, बच्चों की शिक्षा, स्वास्थ्य तथा घरेलू आवश्यकताओं की पूर्ति में करेंगे। समय पर मिली इस आर्थिक सहायता से तेन्दूपत्ता संग्राहकों के साथ-साथ ग्रामीण अर्थव्यवस्था को भी मजबूती मिल रही है।


