G-QKE15KJ9P0 25777229988609873
ChhattisgarhINDIARaipurखास-खबर

ऑयल पाम के साथ मूंगफली की अंतरवर्तीय खेती से किसान की बढ़ी आय, 70 हजार रुपये का अतिरिक्त लाभ

रायपुर। राष्ट्रीय मिशन ऑन एडिबल ऑयल–ऑयल पाम योजना छत्तीसगढ़ के किसानों के लिए लाभदायक साबित हो रही है। बीजापुर जिले के भोपालपटनम विकासखंड के ग्राम कचनूर के किसान पोटाम गणेश ने ऑयल पाम के साथ मूंगफली की अंतरवर्तीय खेती अपनाकर 70 हजार रुपये का अतिरिक्त लाभ अर्जित किया है।

पोटाम गणेश ने अपनी 2.20 हेक्टेयर कृषि भूमि में ऑयल पाम का पौधरोपण किया है। चूंकि ऑयल पाम के पौधों को उत्पादन देने में कुछ वर्ष लगते हैं, इसलिए पौधों के बीच खाली पड़ी भूमि का उपयोग उन्होंने उद्यानिकी विभाग की सलाह पर मूंगफली की अंतरवर्तीय खेती के लिए किया।

यह प्रयोग उनके लिए आर्थिक रूप से काफी लाभदायक साबित हुआ। मूंगफली की फसल से उन्हें लगभग एक लाख रुपये का उत्पादन मूल्य प्राप्त हुआ। खेती पर लगभग 30 हजार रुपये की लागत आई, जबकि 70 हजार रुपये का शुद्ध मुनाफा हुआ।

पोटाम गणेश ने बताया कि ऑयल पाम के शुरुआती वर्षों में मुख्य फसल तैयार होने तक अंतरवर्तीय फसल लेने से नियमित आय बनी रहती है। इससे खेती की लागत आसानी से निकल जाती है और किसानों को आर्थिक मजबूती मिलती है। उन्होंने अन्य किसानों से भी इस आधुनिक खेती पद्धति को अपनाने की अपील की।

उद्यानिकी विभाग के अधिकारियों के अनुसार राष्ट्रीय मिशन ऑन एडिबल ऑयल–ऑयल पाम योजना के तहत किसानों को तकनीकी मार्गदर्शन, आवश्यक सहयोग और आधुनिक खेती की जानकारी लगातार उपलब्ध कराई जा रही है। विभाग का मानना है कि यह योजना किसानों की आय बढ़ाने के साथ-साथ देश में तिलहन उत्पादन और खाद्य तेलों के क्षेत्र में आत्मनिर्भरता बढ़ाने की दिशा में भी महत्वपूर्ण भूमिका निभा रही है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button

You cannot copy content of this page