श्रीराम जानकी (छोटे) मंदिर पिपरिया के संबंध में संतों ने कलेक्टर को सौंपा ज्ञापन


कवर्धा। नगर पंचायत पिपरिया स्थित श्रीराम जानकी (छोटे) मंदिर में नए ट्रस्ट गठन के प्रस्ताव को लेकर संत समाज ने विरोध जताया है। इस संबंध में संतों ने जिला मुख्यालय में प्रेस वार्ता आयोजित कर अपनी आपत्ति दर्ज कराई तथा कलेक्टर को ज्ञापन सौंपकर मामले से अवगत कराया।

संत समाज का आरोप है कि नगर पंचायत अध्यक्ष धुरवा राम साहू एवं मुख्य नगर पालिका अधिकारी नेताम द्वारा मंदिर के लिए नए ट्रस्ट गठन का प्रस्ताव पारित कर कलेक्टर को भेजा गया है, जबकि मंदिर पहले से ही निर्मोही अखाड़े की परंपरा और ट्रस्ट व्यवस्था के अंतर्गत संचालित है। संतों ने इस कदम को अनुचित बताते हुए इसकी निंदा की।
ज्ञापन में संतों ने कहा कि नगर पंचायत पिपरिया स्थित श्रीराम जानकी (छोटे) मंदिर के महंत मोहित दास जी सरबराकार हैं तथा मंदिर निर्मोही अखाड़े से संबंधित है। उनका कहना है कि अखाड़ा स्वयं एक मान्यता प्राप्त ट्रस्ट संस्था है, इसलिए अलग से सरकारी ट्रस्ट बनाने का कोई औचित्य नहीं है।
संतों ने यह भी स्पष्ट किया कि महंत मोहित दास द्वारा प्रशासनिक अनुमति के साथ मंदिर की लगभग 60 डिसमिल भूमि का विक्रय किया गया था, जिसकी राशि से नवीन मंदिर, भवन एवं अन्य निर्माण कार्य कराए गए हैं। उन्होंने कहा कि यदि भविष्य में मंदिर की भूमि का किसी भी प्रकार से अनुचित विक्रय किया जाता है तो संत समाज स्वयं उसके विरुद्ध कार्रवाई करेगा।
संत समाज ने कलेक्टर से मामले की निष्पक्ष जांच कर मंदिर की पारंपरिक व्यवस्था को यथावत बनाए रखने तथा नए ट्रस्ट गठन की प्रक्रिया पर रोक लगाने की मांग की है।


