प्रधानमंत्री सूर्यघर मुफ्त बिजली योजना से कामती साहू का बिजली बिल हुआ शून्य

रायपुर, 4 जुलाई 2026। राजनांदगांव जिले के छुरिया विकासखंड के वनांचल ग्राम मोरकुटूम्ब की निवासी और मितानीन प्रशिक्षक कामती बाई साहू के लिए प्रधानमंत्री सूर्यघर मुफ्त बिजली योजना आर्थिक राहत और ऊर्जा आत्मनिर्भरता का माध्यम बन गई है। योजना के तहत उनके घर की छत पर 3 किलोवाट क्षमता का सोलर रूफटॉप प्लांट लगाया गया है, जिससे अब उनका बिजली बिल लगभग शून्य हो गया है और हर माह करीब 1,000 रुपये की बचत हो रही है।
कामती साहू ने बताया कि पहले उनके परिवार का बिजली बिल हर महीने एक हजार रुपये से अधिक आता था। योजना की जानकारी मिलने पर उन्होंने आवेदन किया और अपने घर में सोलर रूफटॉप प्लांट स्थापित कराया।
सोलर प्लांट लगाने के लिए उन्हें केंद्र सरकार से 78 हजार रुपये तथा राज्य सरकार से 30 हजार रुपये की सब्सिडी मिली। कुल 1 लाख 8 हजार रुपये की सहायता से बिना आर्थिक बोझ के सोलर प्लांट लगाना संभव हुआ।
प्लांट शुरू होने के बाद इस माह उनका बिजली बिल शून्य आया है। अब उनका परिवार अपनी जरूरत की बिजली स्वयं तैयार कर रहा है। साथ ही अतिरिक्त बिजली ग्रिड में भेजकर उसका भी लाभ प्राप्त कर रहा है, जिससे परिवार की बचत और आय दोनों में वृद्धि हुई है।
कामती साहू का कहना है कि यह योजना केवल बिजली बिल कम करने तक सीमित नहीं है, बल्कि स्वच्छ और हरित ऊर्जा को बढ़ावा देकर पर्यावरण संरक्षण में भी महत्वपूर्ण योगदान दे रही है। उन्होंने लोगों से प्रधानमंत्री सूर्यघर मुफ्त बिजली योजना का लाभ लेने की अपील करते हुए कहा कि यह योजना ग्रामीण और वनांचल क्षेत्रों के परिवारों के लिए बेहद लाभकारी साबित हो रही है।
उन्होंने प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी और मुख्यमंत्री विष्णु देव साय के प्रति आभार व्यक्त करते हुए कहा कि इस योजना से आर्थिक बचत, ऊर्जा आत्मनिर्भरता और पर्यावरण संरक्षण—तीनों उद्देश्यों की एक साथ पूर्ति हो रही है।



