जिले में स्वच्छता की नई मिसाल बनी ग्राम पंचायत अवेली

AP न्यूज़ विश्वराज ताम्रकार जिला प्रतिनिधि KCG
92% परिवारों से ₹73,440 यूजर चार्ज संग्रहित, जनभागीदारी और टीमवर्क से रचा नया कीर्तिमान
खैरागढ़ : स्वच्छ भारत मिशन (ग्रामीण) के अंतर्गत ग्राम पंचायतों को आत्मनिर्भर, स्वच्छ एवं सशक्त बनाने की दिशा में ग्राम पंचायत अवेली ने पूरे जिले के लिए एक प्रेरणादायक उदाहरण प्रस्तुत किया है। पंचायत ने विशेष जनजागरूकता अभियान एवं स्वच्छता शिविरों के माध्यम से 330 परिवारों में से 306 परिवारों (92 प्रतिशत) से एक वर्ष का ₹240 प्रति परिवार के हिसाब से ₹73,440 का स्वच्छता (यूजर) शुल्क संग्रहित कर जिले की पहली ऐसी ग्राम पंचायत बनने का गौरव प्राप्त किया है, जिसने इतने बड़े स्तर पर जनसहभागिता सुनिश्चित की।
यह सफलता केवल राशि संग्रह तक सीमित नहीं है, बल्कि यह ग्रामीणों में स्वच्छता के प्रति जागरूकता, जिम्मेदारी और सहभागिता का प्रतीक है। ग्रामवासियों ने “मेरा गांव – मेरी जिम्मेदारी” की भावना को अपनाते हुए स्वेच्छा से यूजर चार्ज जमा किया और यह संदेश दिया कि स्वच्छ गांव का निर्माण केवल शासन नहीं, बल्कि जनभागीदारी से ही संभव है।
इस उल्लेखनीय उपलब्धि के पीछे ग्राम पंचायत की सरपंच दुर्गाबाई भारत लाल सेन, सचिव चिंताराम वर्मा एवं उप सरपंच कमलेश यादव का सक्रिय नेतृत्व रहा। इनके साथ समस्त पंचगण— नरेंद्र सेन, फुलेश्वरी साहू, तीरथ साहू, पुनेश्वरी पटेल, टिकेश्वर साहू, फलेन्द्र पटेल, राजकुमार साहू, भाऊशंकर, चमेली साहू, पार्वती साहू, प्रीति साहू तथा टिकेश्वर साहू—ने घर-घर संपर्क कर ग्रामीणों को स्वच्छता शुल्क के महत्व से अवगत कराया और अभियान को जनआंदोलन का स्वरूप दिया।
यह अभियान जिला कलेक्टर इंद्रजीत चंद्रवाल एवं जिला पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी प्रेम कुमार पटेल के मार्गदर्शन में संचालित किया जा रहा है। वहीं जनपद पंचायत खैरागढ़ के मुख्य कार्यपालन अधिकारी हिमांशु गुप्ता के नेतृत्व में विकासखंड की सभी 114 ग्राम पंचायतों में यूजर चार्ज संग्रह एवं ठोस अपशिष्ट प्रबंधन को लेकर व्यापक अभियान चलाया जा रहा है।
स्वच्छ भारत मिशन (ग्रामीण) के विकासखंड समन्वयक बैद्यनाथ वर्मा एवं संकुल समन्वयक दूलेश्वर वर्मा द्वारा सरपंच, सचिव, रोजगार सहायक, आंगनबाड़ी कार्यकर्ता, शिक्षक, स्वच्छग्राही एवं बिहान स्व-सहायता समूह के सदस्यों को लगातार प्रशिक्षण देकर ठोस अपशिष्ट प्रबंधन नियम, 2026 के अनुरूप कचरे के पृथक्करण, संग्रहण एवं वैज्ञानिक प्रबंधन की जानकारी दी जा रही है। यही सतत प्रशिक्षण और जनजागरूकता आज ग्राम पंचायत अवेली की सफलता का मजबूत आधार बना है।
वर्तमान में ग्राम पंचायत अवेली में सप्ताह में एक दिन नियमित रूप से घर-घर कचरा संग्रहण किया जा रहा है। पंचायत एवं स्वच्छग्राही टीम पूरे समर्पण के साथ गांव को स्वच्छ, सुंदर एवं स्वस्थ बनाने के लिए निरंतर कार्य कर रही है।
जनपद पंचायत खैरागढ़ की अन्य ग्राम पंचायतों में भी यूजर चार्ज संग्रह अभियान तेजी से आगे बढ़ रहा है। अनेक ग्राम पंचायतें 30, 40 और 50 प्रतिशत तक संग्रहण कर चुकी हैं। जनपद पंचायत का लक्ष्य जुलाई माह के अंत तक 80 प्रतिशत परिवारों से यूजर चार्ज संग्रह सुनिश्चित करना है, ताकि पूरे विकासखंड को स्वच्छता के क्षेत्र में प्रदेश स्तर पर एक नई पहचान मिल सके।
ग्राम पंचायत अवेली ने यह सिद्ध कर दिया है कि जब सरपंच, सचिव, पंचगण, स्वच्छग्राही, स्वयं सहायता समूह और ग्रामीण एकजुट होकर कार्य करते हैं, तब कोई भी लक्ष्य कठिन नहीं होता। यह सफलता पूरे जिले की सभी ग्राम पंचायतों के लिए प्रेरणा है कि जनसहभागिता, पारदर्शिता और सामूहिक प्रयासों से प्रत्येक गांव स्वच्छ, सुंदर और आत्मनिर्भर बन सकता है।
आइए, ग्राम पंचायत अवेली से प्रेरणा लेकर अपने गांव में भी स्वच्छता शुल्क का शत-प्रतिशत संग्रह सुनिश्चित करें और स्वच्छ, स्वस्थ एवं विकसित खैरागढ़ के निर्माण में अपनी सहभागिता निभाएं।
