जिला स्तरीय जन सम्मेलन सह शुभारंभ कार्यक्रम में VB-G RAM G योजना का हुआ शुभारंभ

AP न्यूज़ विश्वराज ताम्रकार जिला प्रतिनिधि KCG
राष्ट्रीय स्तर के शुभारंभ कार्यक्रम का हुआ लाइव प्रसारण, बड़ी संख्या में ग्रामीणों ने देखा कार्यक्रम
खैरागढ़-छुईखदान-गण्डई जिले के पान अनुसंधान केंद्र, ग्राम पंचायत-श्यामपुर, विकासखंड-छुईखदान में आज विकसित भारत-रोजगार एवं आजीविका मिशन (ग्रामीण) (VB-G RAM G) के अंतर्गत जिला स्तरीय जन सम्मेलन सह शुभारंभ कार्यक्रम गरिमामय वातावरण में संपन्न हुआ। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में जनप्रतिनिधियों, पंचायत पदाधिकारियों, महिला स्व-सहायता समूहों, ग्रामीणों एवं अधिकारियों-कर्मचारियों ने सहभागिता की एवं कृषि महावविद्यालय के विद्यार्थियों के द्वारा स्वागत गीत एवं नृत्य की प्रस्तुति दी गई।
कार्यक्रम स्थल पर राष्ट्रीय स्तर पर आयोजित विकसित भारत-रोजगार एवं आजीविका मिशन (ग्रामीण) (VB-G RAM G) के शुभारंभ समारोह का आमजन के लिए एलईडी स्क्रीन के माध्यम से सजीव प्रसारण किया गया। उपस्थित ग्रामीणों एवं जनप्रतिनिधियों ने केंद्रीय ग्रामीण विकास मंत्री श्री शिवराज सिंह चौहान के उद्बोधन एवं राष्ट्रीय स्तर पर आयोजित कार्यक्रम का सीधा प्रसारण देखा तथा योजना की विभिन्न विशेषताओं एवं नई योजना के प्रावधानों की जानकारी प्राप्त की।
इस अवसर पर अतिथियों ने VB-G RAM G योजना से संबंधित प्रदर्शनी एवं सूचना सामग्री का अवलोकन किया तथा हितग्राहियों, महिला स्व-सहायता समूहों और ग्रामीणों से संवाद कर योजना के विभिन्न प्रावधानों एवं संभावित लाभों की जानकारी प्राप्त की। कार्यक्रम के दौरान अतिथियों ने वृक्षारोपण कर पर्यावरण संरक्षण का संदेश दिया तथा मशरूम शेड एवं बकरी शेड निर्माण कार्यों का शुभारम्भ किया | साथ ही परिसर में स्थापित पान अनुसंधान केंद्र में लगे पान के बरेज का भ्रमण भी किया।
कार्यक्रम के मुख्य अतिथि श्री विक्रांत सिंह ने योजना को ग्रामीण विकास, रोजगार सृजन एवं आत्मनिर्भर ग्राम निर्माण की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल बताते हुए कहा कि इससे ग्रामीण परिवारों को अधिक रोजगार के अवसर उपलब्ध होंगे तथा जल संरक्षण, प्राकृतिक संसाधन प्रबंधन, ग्रामीण अधोसंरचना विकास एवं टिकाऊ परिसंपत्तियों के निर्माण को नई गति मिलेगी।
इस अवसर पर ग्रामीणों को योजना की प्रमुख विशेषताओं की जानकारी दी गई। बताया गया कि योजना के अंतर्गत पात्र परिवारों को मांग के आधार पर 125 दिनों तक रोजगार उपलब्ध कराया जाएगा। साथ ही छत्तीसगढ़ में मजदूरी दर 261 रुपये से बढ़ाकर 300 रुपये प्रतिदिन किए जाने की जानकारी साझा की गई, जिसका उपस्थित ग्रामीणों ने स्वागत करते हुए प्रसन्नता व्यक्त की।
कार्यक्रम में ग्राम सभाओं की भूमिका को और अधिक सशक्त बनाने, स्थानीय आवश्यकताओं के अनुरूप विकास कार्यों की कार्ययोजना तैयार करने तथा जल संरक्षण, सिंचाई, वृक्षारोपण एवं अन्य टिकाऊ परिसंपत्तियों के निर्माण को प्राथमिकता देने पर विशेष बल दिया गया। साथ ही ग्रामीणों से योजना के सफल क्रियान्वयन में सक्रिय सहभागिता निभाने का आह्वान किया गया।
कलेक्टर श्री इन्द्रजीत सिंह चन्द्रवाल ने बताया कि जिले में योजना के प्रभावी क्रियान्वयन के लिए सभी आवश्यक तैयारियां सुनिश्चित की गई हैं। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को निर्देशित किया है कि ग्राम पंचायत स्तर पर अधिक से अधिक पात्र परिवारों को योजना से जोड़ते हुए समयबद्ध एवं गुणवत्तापूर्ण कार्यों का क्रियान्वयन सुनिश्चित किया जाए। उन्होंने कहा कि VB-G RAM G ग्रामीण रोजगार, जल संरक्षण, प्राकृतिक संसाधन प्रबंधन, आधारभूत अधोसंरचना विकास एवं आजीविका संवर्धन के माध्यम से जिले के समग्र विकास में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगी तथा विकसित भारत के संकल्प को साकार करने में मील का पत्थर सिद्ध होगी।
कार्यक्रम मुख्य अतिथि जिला पंचायत उपाध्यक्ष श्री विक्रांत सिंह, अध्यक्ष जनपद पंचायत खैरागढ़ श्रीमती राजेश्री त्रिपाठी, अध्यक्ष जनपद पंचायत छुईखदान श्रीमती पुष्पा प्रकाश वर्मा , सभापति जिला पंचायत श्रीमती भुनेश्वरी जीवन देवांगन, श्री ललित चोपड़ा, उपाध्यक्ष जनपद पंचायत छुईखदान श्री राजू जंघेल, वरिष्ठ समाजसेवी श्री नवनीत जैन, श्री भावेश कोचर, सांसद प्रतिनिधि श्री प्रेम नारायण चंद्राकर सहित अन्य जनप्रतिनिधि एवं वरिष्ठ समाजसेवी की गरिमामयी उपस्थिति में संपन्न हुआ|
कार्यक्रम में जिला प्रशासन की ओर से कलेक्टर श्री इंद्रजीत सिंह चंद्रवाल, मुख्य कार्यपालन अधिकारी जिला पंचायत श्री प्रेम कुमार पटेल, कृषि महाविद्यालय के अधिष्ठाता श्री गुप्ता, पान अनुसंधान केंद्र के प्रभारी सहायक प्राध्यापक श्री बी एस असाटी, प्रभारी परियोजना अधिकारी श्री प्रकाश चंद्र ताराम, उपसंचालक पंचायत श्री गीत कुमार सिन्हा, मुख्य कार्यपालन अधिकारी जनपद पंचायत छुईखदान श्रीमती केश्वरी देवांगन, सहायक परियोजना अधिकारी वीबी-जी राम जी श्री प्रेम देवांगन एवं अन्य अधिकारी कर्मचारीगण उपस्थित रहे|

