G-QKE15KJ9P0 25777229988609873
ChhattisgarhINDIARaipurखास-खबर

समय पर मिली सम्मान निधि, किसानों की उम्मीदों को मिली नई उड़ान

प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि से खेती को मिला संबल, किसानों ने बताया योजना को राहत का आधार

रायपुर, 1 जुलाई 2026। प्रदेश में किसानों के हितों को प्राथमिकता देते हुए केंद्र एवं राज्य सरकार की किसान कल्याणकारी योजनाओं का प्रभावी क्रियान्वयन किया जा रहा है। प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि योजना किसानों को समय पर आर्थिक सहायता उपलब्ध कराकर खेती-किसानी को मजबूती देने का महत्वपूर्ण माध्यम बन रही है। योजना से प्राप्त राशि के जरिए किसान समय पर बीज, उर्वरक और अन्य कृषि आदानों की व्यवस्था कर पा रहे हैं, जिससे खेती की लागत का दबाव कम हो रहा है और कृषि कार्य समय पर पूरे हो रहे हैं।

गौरेला-पेंड्रा-मरवाही जिले की ग्राम पंचायत सारबहरा के किसान एवन सिंह इसका उदाहरण हैं। उन्हें प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि योजना की 23वीं किस्त की राशि प्राप्त हुई, जिसका उपयोग उन्होंने बीज, उर्वरक और अन्य कृषि कार्यों में किया। एवन सिंह का कहना है कि समय पर मिलने वाली आर्थिक सहायता से खेती की तैयारियां आसान हो गई हैं और कृषि कार्य बिना किसी देरी के पूरे हो रहे हैं। इससे उत्पादन बढ़ाने में भी मदद मिल रही है।

इसी ग्राम पंचायत के किसान नरेश यादव, जो लगभग चार एकड़ भूमि में खेती करते हैं, भी योजना का नियमित लाभ ले रहे हैं। उनका कहना है कि प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि योजना छोटे और मध्यम किसानों के लिए बड़ी राहत साबित हुई है। योजना से मिलने वाली राशि से कृषि कार्यों के लिए आवश्यक सामग्री खरीदना आसान हुआ है, जिससे आर्थिक मजबूती के साथ किसानों का आत्मविश्वास भी बढ़ा है। उनका मानना है कि समय पर मिलने वाली सहायता किसानों को बेहतर योजना बनाकर खेती करने और उत्पादन बढ़ाने के लिए प्रेरित करती है।

प्रदेश सरकार का लक्ष्य है कि पात्र किसानों तक केंद्र सरकार की सभी कृषि कल्याणकारी योजनाओं का लाभ पारदर्शी और समयबद्ध तरीके से पहुंचे। प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि योजना किसानों के लिए एक भरोसेमंद आर्थिक सहारा बनकर उभरी है, जो उनकी आर्थिक सुरक्षा को मजबूत करने के साथ कृषि क्षेत्र को आत्मनिर्भर बनाने में भी महत्वपूर्ण भूमिका निभा रही है।

समय पर मिलने वाली सहायता से किसान खेती की बेहतर तैयारी कर रहे हैं, आधुनिक कृषि तकनीकों को अपनाने के प्रति उत्साहित हो रहे हैं और अधिक आत्मविश्वास के साथ उत्पादन बढ़ाने की दिशा में कार्य कर रहे हैं। सरकार का मानना है कि किसानों की समृद्धि ही ग्रामीण अर्थव्यवस्था की मजबूती का आधार है और इसी उद्देश्य से किसान कल्याण एवं कृषि विकास की योजनाओं का प्रभावी क्रियान्वयन निरंतर जारी है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button

You cannot copy content of this page