मंत्रालय के तीन अधिकारी-कर्मचारियों को सम्मानपूर्ण विदाई, श्रम मंत्री ने किया सम्मानित


रायपुर, 1 जुलाई 2026। राज्य शासन की सेवा में लंबे समय तक योगदान देने के बाद अधिवार्षिकी आयु पूर्ण कर सेवानिवृत्त हुए तीन अधिकारी-कर्मचारियों के सम्मान में बुधवार को मंत्रालय महानदी भवन में सेवानिवृत्ति सम्मान समारोह आयोजित किया गया। इस अवसर पर वाणिज्य, उद्योग एवं श्रम मंत्री श्री लखन लाल देवांगन ने सेवानिवृत्त अधिकारियों-कर्मचारियों को शॉल, श्रीफल एवं स्मृति चिन्ह भेंट कर सम्मानित किया तथा उनके स्वस्थ, सुखद और उज्ज्वल भविष्य की शुभकामनाएं दीं।
सम्मानित होने वालों में श्रम विभाग के अवर सचिव श्री कीर्तिवर्धन उपाध्याय, गृह विभाग के स्टाफ ऑफिसर श्री राजेश हीरा तथा स्कूल शिक्षा विभाग के दफ्तरी श्री चैनसिंह शामिल रहे।
समारोह को संबोधित करते हुए मंत्री श्री लखन लाल देवांगन ने कहा कि ईमानदारी, कर्तव्यनिष्ठा और समर्पण के साथ की गई शासकीय सेवा सदैव प्रेरणादायी होती है। प्रत्येक अधिकारी और कर्मचारी अपने कार्यों से शासन-प्रशासन को मजबूत बनाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाता है। उन्होंने कहा कि सेवानिवृत्ति सेवा का अंत जरूर है, लेकिन समाज और परिवार के लिए नई जिम्मेदारियों की शुरुआत भी है।
समारोह में उपस्थित अधिकारियों एवं कर्मचारियों ने सेवानिवृत्त साथियों के योगदान की सराहना करते हुए उन्हें भावभीनी विदाई दी। कार्यक्रम में मंत्रालय के अधिकारी-कर्मचारी बड़ी संख्या में मौजूद रहे।


