कवर्धा के पांडातराई मोड़ पर फिर बड़ा हादसा, हाफ नदी में गिरी इनोवा
जबलपुर से कोरबा जा रहे दंपती घायल, स्थानीय लोगों और पुलिस ने बचाई जान
कवर्धा, 30 जून। कबीरधाम जिले के पांडातराई मोड़ स्थित हाफ नदी के पास मंगलवार सुबह एक इनोवा कार अनियंत्रित होकर नदी में गिर गई। हादसे में कार सवार पति-पत्नी घायल हो गए। स्थानीय लोगों और पुलिस की मदद से दोनों को सुरक्षित बाहर निकालकर प्राथमिक उपचार के बाद जिला अस्पताल रेफर किया गया।
प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, जबलपुर से कोरबा जा रही इनोवा तेज मोड़, लगातार बारिश और कम दृश्यता के कारण चालक के नियंत्रण से बाहर हो गई और सीधे हाफ नदी में जा गिरी। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और ग्रामीणों के सहयोग से राहत एवं बचाव अभियान चलाकर दोनों घायलों को बाहर निकाला।

यह वही स्थान है, जहां करीब दो महीने पहले भी एक कार नदी में गिरने से पांच युवकों की मौत हुई थी। लगातार हो रही दुर्घटनाओं के बाद पांडातराई मोड़ को ब्लैक स्पॉट माना जा रहा है। स्थानीय लोगों का आरोप है कि निर्माणाधीन पुल और सड़क का कार्य अधूरा है तथा मौके पर पर्याप्त बैरिकेडिंग, चेतावनी संकेतक और प्रकाश व्यवस्था नहीं होने से हादसे हो रहे हैं। उन्होंने प्रशासन से सुरक्षा इंतजाम मजबूत करने और निर्माण कार्य शीघ्र पूरा कराने की मांग की है।




