अंतरराष्ट्रीय ShakthiSAT मिशन के लिए रायपुर की छात्रा महिमा राजपूत चयनित
मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने दी बधाई, कहा- छत्तीसगढ़ के लिए गौरव और बेटियों के लिए प्रेरणा
रायपुर। अंतरराष्ट्रीय ShakthiSAT Mission के लिए रायपुर की 14 वर्षीय प्रतिभाशाली छात्रा महिमा राजपूत के चयन पर मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने उन्हें हार्दिक बधाई एवं उज्ज्वल भविष्य के लिए शुभकामनाएं दी हैं।
मुख्यमंत्री ने कहा कि 108 देशों के विद्यार्थियों के साथ इस प्रतिष्ठित अंतरिक्ष मिशन में भारत का प्रतिनिधित्व करने के लिए महिमा का चयन उनकी असाधारण प्रतिभा, कठिन परिश्रम और समर्पण का प्रमाण है। उन्होंने कहा कि यह उपलब्धि केवल महिमा और उनके परिवार के लिए ही नहीं, बल्कि पूरे छत्तीसगढ़ के लिए गर्व और प्रेरणा का विषय है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि महिमा राजपूत ने अपनी मेहनत और लगन से यह साबित किया है कि छत्तीसगढ़ की बेटियां अवसर मिलने पर वैश्विक मंचों पर भी अपनी प्रतिभा का उत्कृष्ट प्रदर्शन कर सकती हैं। उन्होंने विश्वास जताया कि महिमा की सफलता प्रदेश के लाखों युवाओं, विशेषकर बेटियों को बड़े सपने देखने और उन्हें साकार करने की प्रेरणा देगी।
मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य सरकार विज्ञान, नवाचार और प्रौद्योगिकी के क्षेत्र में युवाओं को बेहतर अवसर उपलब्ध कराने तथा प्रतिभाओं को प्रोत्साहित करने के लिए निरंतर कार्य कर रही है। उन्होंने महिमा राजपूत को पुनः बधाई देते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की और विश्वास व्यक्त किया कि वे भविष्य में भी देश और छत्तीसगढ़ का नाम रोशन करती रहेंगी।




