कबीरधाम पुलिस के 120 विवेचकों को मिले स्मार्ट मोबाइल, घटनास्थल से ही होगी डिजिटल जांच

कवर्धा। अपराधों की विवेचना को तेज और तकनीक आधारित बनाने की दिशा में कबीरधाम पुलिस ने बड़ा कदम उठाया है। जिले के 120 विवेचकों को अत्याधुनिक मोबाइल डेटा टर्मिनल (स्मार्ट मोबाइल फोन) उपलब्ध कराए गए हैं। इन डिवाइसों के जरिए अब विवेचक घटनास्थल से ही ऑनलाइन रिकॉर्ड देख सकेंगे, डिजिटल साक्ष्य सुरक्षित कर सकेंगे और विवेचना से जुड़े कई कार्य मौके पर ही पूरे कर पाएंगे।
पुलिस मुख्यालय की ASUMP Scheme AAP 2025-26 के तहत जिले को 120 मोबाइल डेटा टर्मिनल मिले हैं। इनमें 20 निरीक्षक, 38 उप निरीक्षक और 62 सहायक उप निरीक्षक स्तर के विवेचक शामिल हैं।
शनिवार को पुलिस अधीक्षक कार्यालय में आयोजित कार्यक्रम में पुलिस अधीक्षक धर्मेंद्र सिंह की मौजूदगी में विवेचकों को मोबाइल डेटा टर्मिनल वितरित किए गए। इस दौरान अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक पुष्पेंद्र सिंह बघेल और अमित पटेल सहित जिले के राजपत्रित अधिकारी, थाना एवं चौकी प्रभारी भी मौजूद रहे।
पुलिस अधिकारियों ने बताया कि इन डिवाइसों के माध्यम से विवेचक घटनास्थल से ही पुलिस एप्लीकेशन का उपयोग कर आवश्यक रिकॉर्ड और दस्तावेज ऑनलाइन देख सकेंगे। डिजिटल साक्ष्यों का सुरक्षित संधारण, ऑनलाइन रिपोर्टिंग और विवेचना से जुड़े अन्य कार्य भी तेजी से किए जा सकेंगे। इससे मामलों के शीघ्र निराकरण के साथ जांच की गुणवत्ता और पारदर्शिता बढ़ने की उम्मीद है।
पुलिस अधीक्षक धर्मेंद्र सिंह ने कहा कि आधुनिक तकनीक प्रभावी पुलिसिंग की आधारशिला है। मोबाइल डेटा टर्मिनल मिलने से विवेचक घटनास्थल से ही त्वरित और गुणवत्तापूर्ण विवेचना कर सकेंगे। इससे अपराध अनुसंधान की गति और गुणवत्ता दोनों में सुधार होगा तथा नागरिकों को बेहतर और समयबद्ध पुलिस सेवाएं उपलब्ध कराने में मदद मिलेगी।
कार्यक्रम के दौरान सभी विवेचकों को मोबाइल डेटा टर्मिनल के सुरक्षित और जिम्मेदारीपूर्ण उपयोग के संबंध में आवश्यक निर्देश भी दिए गए। कबीरधाम पुलिस का कहना है कि तकनीक आधारित पुलिसिंग को मजबूत करने के लिए भविष्य में भी ऐसे प्रयास जारी रहेंगे।



