एक पेड़ माँ के नाम’’ अभियान से हरित हो रहा कबीरधाम, 9 लाख पौधरोपण का लक्ष्य

‘‘एक पेड़ माँ के नाम’’ अभियान से हरित हो रहा कबीरधाम, 9 लाख पौधरोपण का लक्ष्य

कवर्धा। पर्यावरण संरक्षण और हरित भविष्य के निर्माण के संकल्प के साथ कबीरधाम जिले में ‘‘एक पेड़ माँ के नाम’’ अभियान जनभागीदारी के साथ तेजी से आगे बढ़ रहा है। यह अभियान केवल पौधरोपण तक सीमित नहीं रहकर प्रकृति संरक्षण, पर्यावरण संवर्धन और सामाजिक जागरूकता का जनआंदोलन बनता जा रहा है। जिले में इस वर्ष लगभग 9 लाख पौधरोपण का लक्ष्य निर्धारित किया गया है, जिसकी पूर्ति के लिए वन विभाग व्यापक स्तर पर कार्य कर रहा है।
कबीरधाम वन मंडलाधिकारी निखिल अग्रवाल ने बताया कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के आह्वान पर शुरू किए गए ‘‘एक पेड़ माँ के नाम’’ अभियान को जिले में विशेष प्राथमिकता के साथ क्रियान्वित किया जा रहा है। अभियान के तहत वन विभाग किसानों, नागरिकों, स्वयंसेवी संगठनों, शैक्षणिक संस्थानों और विभिन्न विभागों के सहयोग से पौधरोपण एवं पौध वितरण कार्यक्रम चला रहा है।
उन्होंने बताया कि जिले में लगभग 4 लाख पौधे वन क्षेत्रों में लगाए जाएंगे, जिससे वनावरण बढ़ेगा और जैव विविधता संरक्षण को मजबूती मिलेगी। वहीं, किसान वृक्ष मित्र योजना के अंतर्गत किसानों को 3 लाख पौधे निःशुल्क वितरित किए जा रहे हैं। इससे किसान अपनी कृषि भूमि की मेड़ों और अनुपयोगी भूमि पर वृक्षारोपण कर भविष्य में अतिरिक्त आय भी प्राप्त कर सकेंगे।
वन विभाग द्वारा हरियाली प्रसार योजना के अंतर्गत ‘‘पौधा तुंहर दुआर’’ कार्यक्रम भी संचालित किया जाएगा। इसके तहत नगरीय निकाय क्षेत्रों में ई-रिक्शा के माध्यम से घर-घर जाकर नागरिकों को निःशुल्क पौधे उपलब्ध कराए जाएंगे। इस योजना का शुभारंभ शीघ्र किया जाएगा।
अभियान के अंतर्गत 1 लाख फलदार पौधों तथा 90 हजार बांस के पौधों का भी निःशुल्क वितरण किया जा रहा है। फलदार पौधे जहां पोषण सुरक्षा और आर्थिक लाभ का माध्यम बनेंगे, वहीं बांस के पौधे पर्यावरण संरक्षण के साथ ग्रामीण अर्थव्यवस्था को भी सशक्त बनाएंगे।
वन मंडलाधिकारी निखिल अग्रवाल ने बताया कि यह विशेष अभियान 30 जुलाई तक संचालित किया जाएगा। उन्होंने जिलेवासियों से अधिक से अधिक संख्या में पौधे लगाने और उनके संरक्षण का संकल्प लेने की अपील की। साथ ही जानकारी दी कि लालपुर नर्सरी में पर्याप्त संख्या में पौधे उपलब्ध हैं, जहां से इच्छुक नागरिक निःशुल्क पौधे प्राप्त कर सकते हैं।
उन्होंने कहा कि यह अभियान पर्यावरण संरक्षण के साथ-साथ सामाजिक चेतना का भी माध्यम बन रहा है। पौधरोपण के इस व्यापक प्रयास से जिले का हरित आवरण बढ़ेगा, भू-जल संरक्षण को बल मिलेगा, जैव विविधता समृद्ध होगी और आने वाली पीढ़ियों को स्वच्छ एवं स्वस्थ पर्यावरण उपलब्ध कराने में मदद मिलेगी।
अभियान की शुरुआत से ही लोगों में उत्साह देखने को मिल रहा है। 21 जून को आयोजित अंतरराष्ट्रीय योग दिवस के अवसर पर जिले के विभिन्न स्थानों पर नागरिकों को निःशुल्क पौधों का वितरण किया गया। इसके अलावा स्कूलों, महाविद्यालयों, पंचायतों और शासकीय कार्यालयों में भी लगातार पौधरोपण कार्यक्रम आयोजित किए जा रहे हैं।



