सहकारी सप्ताह को जनआंदोलन बनाने की तैयारी, प्रदेशभर में होंगे विविध आयोजन


रायपुर, 25 जून 2026। भारत सरकार के सहकारिता मंत्रालय के पांच वर्ष पूर्ण होने के उपलक्ष्य में 29 जून से 6 जुलाई 2026 तक देशभर में सहकारी सप्ताह मनाया जाएगा। इसी क्रम में छत्तीसगढ़ में भी सहकारिता आधारित विकास, आत्मनिर्भरता और ग्रामीण समृद्धि को बढ़ावा देने के उद्देश्य से विभिन्न कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। इस दौरान राज्य स्तरीय सहकारी चिंतन शिविर, सहकार मेला, अंतर्राष्ट्रीय सहकारिता दिवस समारोह एवं सहकारी संगोष्ठी का आयोजन किया जाएगा।

राज्य स्तरीय कार्यक्रम में छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय मुख्य अतिथि होंगे, जबकि सहकारिता मंत्री केदार कश्यप कार्यक्रम की अध्यक्षता करेंगे।
तैयारियों की समीक्षा, अधिकारियों को दिए निर्देश
सहकारी सप्ताह के सफल आयोजन को लेकर सहकारिता मंत्री केदार कश्यप ने 23 जून को विभागीय अधिकारियों की समीक्षा बैठक ली। उन्होंने वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से प्रदेश की पैक्स समितियों और संभागीय अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश देते हुए सभी संस्थाओं को सक्रिय भागीदारी सुनिश्चित करने को कहा।
2573 पैक्स समितियों में होंगे कार्यक्रम
सहकारी सप्ताह के दौरान प्रदेश की 2573 पैक्स समितियों सहित दुग्ध, मत्स्य, बुनकर एवं अन्य सहकारी समितियों में विभिन्न गतिविधियों का आयोजन किया जाएगा। इनमें प्रमुख रूप से—
- सहकारी ध्वजारोहण
- सदस्यता अभियान
- माइक्रो एटीएम सुविधा विस्तार
- किसान क्रेडिट कार्ड (केसीसी) एवं रू-पे केसीसी कार्ड वितरण
- सहकार दौड़
- वृक्षारोपण अभियान
- मृदा परीक्षण
- कृषक संगोष्ठियां
- एफपीओ एवं पैक्स की भूमिका पर परिचर्चा
जैसे कार्यक्रम शामिल रहेंगे।
9 पैक्स गोदामों का होगा भूमिपूजन
सहकारी सप्ताह के समापन अवसर पर 6 जुलाई 2026 को केंद्रीय गृह एवं सहकारिता मंत्री द्वारा विकेंद्रीकृत अन्न भंडारण योजना के अंतर्गत प्रदेश के 9 पैक्स में गोदाम निर्माण कार्य का भूमिपूजन किया जाएगा। इसे सहकारी क्षेत्र के बुनियादी ढांचे को मजबूत करने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है।
रायपुर में होगा राज्य स्तरीय सहकारी चिंतन शिविर
3 एवं 4 जुलाई 2026 को इंदिरा गांधी कृषि विश्वविद्यालय परिसर स्थित कृषि मंडपम ऑडिटोरियम, लाभांडी में राज्य स्तरीय सहकारी चिंतन शिविर, सहकार मेला, अंतर्राष्ट्रीय सहकारिता दिवस समारोह और सहकारी संगोष्ठी का आयोजन किया जाएगा।
इस आयोजन में पैक्स, दुग्ध, मत्स्य, लघु वनोपज, बुनकर एवं अन्य सहकारी समितियों के साथ-साथ नाबार्ड, एनसीडीसी, एनसीसीएफ, नैफेड, सीएससी, इफको तथा कृभको सहित कई राष्ट्रीय संस्थाएं भाग लेंगी।
सहकारिता से समृद्धि के मॉडल होंगे प्रदर्शित
सहकार मेले में सहकारिता क्षेत्र की उपलब्धियों, नवाचारों और सफल मॉडलों का प्रदर्शन किया जाएगा। साथ ही किसानों, महिला स्व-सहायता समूहों, दुग्ध उत्पादकों, मत्स्य पालकों, बुनकरों एवं ग्रामीण उद्यमियों को सहकारी योजनाओं से जोड़ने के लिए विशेष गतिविधियां आयोजित की जाएंगी।
बैठक में आयोजन की रूपरेखा, सहभागिता और विभिन्न गतिविधियों के सफल संचालन पर विस्तृत चर्चा की गई तथा सहकारिता आंदोलन को और अधिक सशक्त बनाने तथा सहकारी सप्ताह को व्यापक जनभागीदारी के साथ सफल बनाने का संकल्प लिया गया।


