अवैध खनन पर सरकार का बड़ा एक्शन, 7 वाहन जब्त; अधिकारियों से दुर्व्यवहार मामले में 4 गिरफ्तार

खनिज विभाग का सख्त संदेश—अभियान में बाधा डालने वालों पर होगी कड़ी कानूनी कार्रवाई
रायपुर। मुख्यमंत्री विष्णु देव साय के निर्देश पर प्रदेशभर में अवैध खनन, परिवहन और भंडारण के खिलाफ चलाए जा रहे विशेष अभियान में तेजी लाई जा रही है। खनिज विभाग ने स्पष्ट किया है कि अवैध कारोबार करने वालों तथा शासकीय कार्य में बाधा उत्पन्न करने वाले तत्वों के विरुद्ध सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
खनिज विभाग और केंद्रीय खनि उड़नदस्ता की संयुक्त टीम ने 22 जून को मनेंद्रगढ़-चिरमिरी-भरतपुर, सूरजपुर और सरगुजा जिलों में व्यापक जांच अभियान चलाया। इस दौरान अवैध खनिज परिवहन में संलिप्त सात वाहनों को जब्त कर उनके विरुद्ध खान एवं खनिज (विकास एवं विनियमन) अधिनियम, 1957 के तहत प्रकरण दर्ज किए गए।
कार्रवाई के दौरान अंबिकापुर के गांधी चौक क्षेत्र में जांच कर रहे उड़नदस्ता दल के साथ रेत से भरे टिप्पर के मालिक और सहयोगियों द्वारा अभद्र व्यवहार, धमकी तथा शासकीय कार्य में बाधा डालने का प्रयास किया गया। आरोपियों ने वाहन लेकर भागने की कोशिश भी की।
मामले को गंभीरता से लेते हुए थाना गांधीनगर में वाहन मालिक लड्डन खान, चालक सोनू टोप्पो, धंसी टोप्पो, खलासी सुरेश सिंह और एक अन्य आरोपी सुनील के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की विभिन्न धाराओं के तहत अपराध दर्ज किया गया। पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए चार आरोपियों को गिरफ्तार कर हिरासत में ले लिया है, जबकि मुख्य आरोपी लड्डन खान की तलाश जारी है। जब्त टिप्पर को भी पुलिस अभिरक्षा में रखा गया है।
खनिज विभाग ने कहा है कि अवैध खनन के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान को रोकने या अधिकारियों को डराने-धमकाने की किसी भी कोशिश को बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। ऐसे मामलों में अवैध खनन संबंधी कार्रवाई के साथ-साथ शासकीय कार्य में बाधा, धमकी और अन्य आपराधिक धाराओं के तहत भी प्रकरण दर्ज किए जाएंगे।
विभाग द्वारा ड्रोन निगरानी, आधुनिक तकनीकों और विशेष उड़नदस्ता टीमों के माध्यम से लगातार निगरानी रखी जा रही है। शासन का उद्देश्य खनिज संसाधनों की सुरक्षा सुनिश्चित करना तथा अवैध गतिविधियों पर प्रभावी नियंत्रण स्थापित करना है।
सरकार ने दोहराया है कि प्रदेश में अवैध खनन, परिवहन और भंडारण के विरुद्ध ‘जीरो टॉलरेंस’ की नीति के तहत कार्रवाई आगे भी लगातार जारी रहेगी और कानून तोड़ने वालों को किसी भी स्थिति में बख्शा नहीं जाएगा।




