राज्यपाल रमेन डेका ने ‘प्रारंभ’ पत्रिका के विशेषांक का किया विमोचन

जनजातीय ज्ञान और पर्यावरण संरक्षण पर केंद्रित विशेषांक को बताया समय की जरूरत
रायपुर। छत्तीसगढ़ के राज्यपाल रमेन डेका ने बुधवार को “सोसायटी फॉर एम्पावरमेंट” द्वारा प्रकाशित पत्रिका ‘प्रारंभ’ के विशेषांक का विमोचन किया। यह विशेषांक “प्राकृतिक एवं पर्यावरणीय चुनौतियों के समाधान में जनजातीय ज्ञान की प्रासंगिकता” विषय पर आधारित है, जिसमें पर्यावरण संरक्षण और प्रकृति के साथ सामंजस्यपूर्ण जीवनशैली से जुड़े जनजातीय समुदायों के पारंपरिक ज्ञान को प्रमुखता से प्रस्तुत किया गया है।
इस विशेषांक का संपादन डॉ. रूपेन्द्र कवी द्वारा किया गया है। पत्रिका में जनजातीय समाज के पारंपरिक अनुभवों, पर्यावरण संरक्षण की स्थानीय पद्धतियों तथा प्राकृतिक संसाधनों के सतत उपयोग से जुड़े विभिन्न विषयों को समाहित किया गया है।
विमोचन अवसर पर राज्यपाल रमेन डेका ने पत्रिका की विषयवस्तु की सराहना करते हुए कहा कि वर्तमान समय में पर्यावरणीय चुनौतियां वैश्विक चिंता का विषय हैं। ऐसे में जनजातीय समुदायों के पारंपरिक ज्ञान और अनुभवों से प्रेरणा लेकर टिकाऊ एवं प्रभावी समाधान विकसित किए जा सकते हैं।
उन्होंने कहा कि यह विशेषांक पर्यावरण संरक्षण के क्षेत्र में एक महत्वपूर्ण वैचारिक दस्तावेज के रूप में उपयोगी साबित होगा तथा नीति-निर्माताओं, शोधकर्ताओं और विद्यार्थियों के लिए भी मार्गदर्शक बनेगा। राज्यपाल ने पत्रिका के संपादकीय मंडल और प्रकाशन से जुड़े सभी लोगों को बधाई देते हुए उनके प्रयासों की सराहना की।
कार्यक्रम के दौरान उपस्थित अतिथियों ने भी जनजातीय ज्ञान पर आधारित इस विशेषांक को पर्यावरण संरक्षण और सतत विकास की दिशा में एक सार्थक पहल बताया।

