G-QKE15KJ9P0 25777229988609873
ChhattisgarhKCGखास-खबर

कलेक्टर के निर्देश पर अंतिम छोर के किसानों तक पहुंची खाद

AP न्यूज़ विश्वराज ताम्रकार जिला ब्यूरो चीफ KCG

40 किलोमीटर दूर भोथली समिति जाने की समस्या से मिली राहत

भावे सहित चार गांवों के किसानों को गांव में ही उपलब्ध कराया गया उर्वरक

खैरागढ़, 22 जून 2026/ कलेक्टर  इंद्रजीत सिंह चंद्रवाल के मार्गदर्शन में जिले के दूरस्थ एवं अंतिम छोर के किसानों को समय पर उर्वरक उपलब्ध कराने की दिशा में महत्वपूर्ण पहल की गई है। इसी क्रम में ग्राम पंचायत भावे में किसानों को गांव स्तर पर ही खाद उपलब्ध कराई गई, जिससे उन्हें लगभग 40 किलोमीटर दूर भोथली समिति तक जाने की परेशानी से राहत मिली है।

कुछ दिनों पूर्व ग्राम भावे एवं आसपास के ग्रामीणों ने कलेक्टर श्री चंद्रवाल से मुलाकात कर खाद वितरण की समस्या से अवगत कराया था। किसानों ने बताया था कि उर्वरक प्राप्त करने के लिए उन्हें भोथली समिति तक लंबी दूरी तय करनी पड़ती है। किसानों की समस्या को गंभीरता से लेते हुए प्रशासन द्वारा आवश्यक व्यवस्था सुनिश्चित की गई, जिसके फलस्वरूप अब किसानों को उनके गांव में ही खाद उपलब्ध हो रही है।

ग्राम पंचायत भावे के आश्रित ग्राम भावे, जुरलाखार, थोर्राडीह एवं कौहाबहारा जिले के अंतिम छोर पर स्थित हैं। इन गांवों के अधिकांश कृषक सीमांत एवं लघु किसान हैं। गांव में ही खाद उपलब्ध होने से किसानों का समय, श्रम एवं परिवहन व्यय बच रहा है तथा उन्हें खेती-किसानी के कार्यों में भी सुविधा मिल रही है।

भोथली समिति के माध्यम से आज 12 किसानों को 42 बोरी यूरिया, 14 बोरी इफको तथा 7 बोरी पोटाश उपलब्ध कराया गया। किसानों ने प्रशासन की इस पहल का स्वागत करते हुए इसे किसान हित में उठाया गया महत्वपूर्ण कदम बताया है।

सहकारिता विभाग से प्राप्त जानकारी के अनुसार नवीन समिति संबलपुर में भी खाद वितरण प्रारंभ हो गया है। इसके साथ ही जिले की सभी 65 सहकारी समितियों, जिनमें 26 नवीन एवं 39 पुरानी समितियां शामिल हैं, से किसानों को उर्वरक उपलब्ध कराया जा रहा है, जिससे खरीफ सीजन के दौरान किसानों को समय पर खाद मिल सके।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button

You cannot copy content of this page