विश्व पर्यावरण दिवस पर ग्रामीणों के साथ जनप्रतिनिधियों ने लिया प्रकृति संरक्षण का संकल्प

AP न्यूज़ विश्वराज ताम्रकार KCG
गंडई-पंडरिया। विश्व पर्यावरण दिवस के अवसर पर वन विभाग गंडई द्वारा ग्राम ठाकुरटोला पंचायत में पर्यावरण संरक्षण, पौधरोपण, स्वच्छता अभियान एवं जन-जागरूकता कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में जनप्रतिनिधियों, वन विभाग के अधिकारियों, कर्मचारियों एवं ग्रामीणों ने उत्साहपूर्वक भाग लेते हुए पर्यावरण संरक्षण और वन्यजीवों के प्रति संवेदनशीलता का संदेश दिया।
कार्यक्रम में जनपद सदस्य प्रेमलाल साहू, लाल रोहित सिंह पुलस्त्य, अनुविभागीय अधिकारी (वन) एम.एल. खुंटे, वन परिक्षेत्र अधिकारी संजीत मरकाम सहित विभागीय अधिकारी-कर्मचारी एवं बड़ी संख्या में ग्रामीण उपस्थित रहे।
अनुविभागीय अधिकारी (वन) एम.एल. खुंटे एवं वन परिक्षेत्र अधिकारी संजीत मरकाम ने ग्रामीणों को पर्यावरण संरक्षण, जल संरक्षण, वन संवर्धन, जैव विविधता संरक्षण एवं जलवायु परिवर्तन के प्रभावों की विस्तृत जानकारी दी। उन्होंने अधिक से अधिक पौधरोपण करने, लगाए गए पौधों की नियमित देखभाल करने तथा वन एवं वन्यप्राणियों की सुरक्षा में सक्रिय भागीदारी निभाने का आह्वान किया।
जनपद सदस्य प्रेमलाल साहू एवं राजा लाल रोहित सिंह पुलस्त्य ने विश्व पर्यावरण दिवस के महत्व पर प्रकाश डालते हुए कहा कि प्राकृतिक संसाधनों का संरक्षण प्रत्येक नागरिक की जिम्मेदारी है। उन्होंने सभी से पर्यावरण संरक्षण एवं वृक्षारोपण अभियान में बढ़-चढ़कर भाग लेने की अपील की।
कार्यक्रम के अंत में जनप्रतिनिधियों, वन विभाग के अधिकारियों, कर्मचारियों एवं ग्रामीणों ने विभिन्न प्रजातियों के पौधों का रोपण किया तथा उनके संरक्षण का सामूहिक संकल्प लिया। आयोजन के माध्यम से पर्यावरण संरक्षण और वन्यजीवों के प्रति जागरूकता का प्रभावी संदेश ग्रामीणों तक पहुंचाया गया।



