G-QKE15KJ9P0 25777229988609873
ChhattisgarhINDIAKabirdhamखास-खबर

सुशासन तिहार में किसानों की पीड़ा लेकर मंच तक पहुंचे तुकाराम चन्द्रवंशी, मंत्री विजय शर्मा के समक्ष रखा मांग

केसीसी भुगतान में लापरवाही पर उठे सवाल, किसानों के हित में तत्काल निर्देश जारी


कवर्धा। प्रदेश युवा कांग्रेस उपाध्यक्ष तुकाराम चन्द्रवंशी ने एक बार फिर किसानों की आवाज बुलंद करते हुए ग्राम खड़ौदा में आयोजित सुशासन तिहार में क्षेत्रीय किसानों की गंभीर समस्या उपमुख्यमंत्री एवं कवर्धा विधायक विजय शर्मा के समक्ष प्रमुखता से उठाई।
मड़मड़ा सोसायटी अंतर्गत आने वाले 100 से अधिक किसानों के साथ कार्यक्रम में पहुंचे तुकाराम चन्द्रवंशी ने किसानों को समय पर केसीसी राशि भुगतान नहीं मिलने की समस्या से अवगत कराया। उन्होंने बताया कि बैंक प्रबंधन द्वारा लगातार तीन शुक्रवार बीत जाने के बाद भी किसानों को भुगतान नहीं किया गया। किसान सुबह से शाम तक बैंक के चक्कर लगाने को मजबूर रहे, लेकिन हर बार “बैंक में राशि नहीं होने” का हवाला देकर उन्हें वापस लौटना पड़ा।
तुकाराम चन्द्रवंशी ने कहा कि किसानों को उनकी निर्धारित केसीसी राशि उपलब्ध कराने के बजाय मात्र 15 से 20 हजार रुपए देकर लिमिट नहीं होने की बात कही जा रही है। इससे खेती-किसानी के कार्य प्रभावित हो रहे हैं तथा किसानों की आर्थिक स्थिति पर प्रतिकूल प्रभाव पड़ रहा है। समय पर भुगतान नहीं मिलने के कारण किसानों को अनेक परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है।
किसानों की समस्या को गंभीरता से रखते हुए तुकाराम चन्द्रवंशी ने सुशासन तिहार के मंच से उपमुख्यमंत्री विजय शर्मा से तत्काल राहत दिलाने की मांग की। इस दौरान विजय शर्मा ने राजनीतिक मतभेदों से ऊपर उठते हुए युवा नेता तुकाराम चन्द्रवंशी से आत्मीय मुलाकात की और किसानों की समस्याओं की जानकारी ली।
किसानों की पीड़ा सुनने के बाद उपमुख्यमंत्री विजय शर्मा ने तुकाराम चन्द्रवंशी के मोबाइल से संबंधित अधिकारियों से तत्काल चर्चा कर समस्या के शीघ्र समाधान तथा किसानों को जल्द भुगतान सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
इस दौरान किसानों ने तुकाराम चन्द्रवंशी के प्रति आभार व्यक्त करते हुए कहा कि वे लगातार आम जनता और किसानों की समस्याओं को मजबूती के साथ उठा रहे हैं। क्षेत्र में किसानों के हितों के लिए उनकी सक्रियता और संघर्ष की सराहना की जा रही है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button

You cannot copy content of this page