सुशासन तिहार-2026 : साल्हेकला समाधान शिविर में उमड़ा जनसैलाब, 17 ग्राम पंचायतों के ग्रामीणों ने उठाया लाभ

AP न्यूज़ विश्वराज ताम्रकार जिला ब्यूरो चीफ KCG
985 आवेदन प्राप्त, विभिन्न योजनाओं के तहत 55 हितग्राहियों को मिला लाभ
खैरागढ़ : सुशासन तिहार-2026 के अंतर्गत विकासखंड छुईखदान की ग्राम पंचायत साल्हेकला में आयोजित जनसमस्या निवारण एवं समाधान शिविर जनभागीदारी और जनविश्वास का सशक्त केंद्र बनकर उभरा। शिविर में साल्हेकला क्लस्टर अंतर्गत 17 ग्राम पंचायतों के ग्रामीण बड़ी संख्या में पहुंचे और अपनी मांगों, समस्याओं एवं शिकायतों को प्रशासन के समक्ष रखा।
शिविर में ग्राम पंचायत दनिया, उदान, जोम, सूराडबरी, बुंदेली, मैन्हर, खैरी, कुटेलीखुर्द, कोटरा, आमाघाटकादा, खपरीदरबार, पद्मावतीपुर, उदयपुर, बोरई, कुटेलीकला एवं साल्हेकला के ग्रामीण शामिल हुए। दूरस्थ गांवों से पहुंचे लोगों ने शासन की विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं की जानकारी प्राप्त की तथा विभागीय स्टॉलों में आवेदन प्रस्तुत किए।
शिविर में कुल 985 आवेदन प्राप्त हुए, जिनमें 961 मांगों एवं 24 शिकायतों से संबंधित आवेदन शामिल रहे। विभिन्न विभागों द्वारा 55 हितग्राहियों को योजनाओं से लाभान्वित किया गया। अधिकारियों ने कई मामलों में मौके पर ही समाधान की प्रक्रिया प्रारंभ की, जबकि शेष आवेदनों के त्वरित निराकरण के लिए संबंधित विभागों को निर्देशित किया गया।
कार्यक्रम का शुभारंभ जनप्रतिनिधियों एवं अधिकारियों द्वारा दीप प्रज्ज्वलन के साथ किया गया। इसके पश्चात विभागीय स्टॉलों का निरीक्षण कर हितग्राहियों को मिल रहे लाभों की जानकारी ली गई। ग्रामीणों ने समाधान शिविर को प्रशासन और आमजन के बीच मजबूत संवाद का माध्यम बताते हुए इसकी सराहना की।
जिला पंचायत अध्यक्ष प्रियंका ताम्रकार ने अपने संबोधन में कहा कि समाधान शिविर ग्रामीणों के लिए राहत और सुविधा का प्रभावी माध्यम बन रहे हैं। उन्होंने कहा कि शासन की मंशा है कि लोगों की समस्याओं का निराकरण गांव स्तर पर ही हो तथा पात्र हितग्राहियों तक योजनाओं का लाभ सरलता एवं पारदर्शिता के साथ पहुंचे। उन्होंने ग्रामीणों से शासन की योजनाओं का अधिक से अधिक लाभ लेने तथा विकास कार्यों में सक्रिय सहभागिता निभाने की अपील की।
जिला पंचायत उपाध्यक्ष विक्रांत सिंह ने अपने उद्बोधन में कहा कि सुशासन तिहार शासन और आमजन के बीच विश्वास को मजबूत करने का महत्वपूर्ण अभियान है। उन्होंने कहा कि प्रशासन गांव-गांव पहुंचकर लोगों की समस्याएं सुन रहा है और त्वरित समाधान सुनिश्चित किया जा रहा है। उन्होंने अधिकारियों को निर्देशित करते हुए कहा कि प्राप्त आवेदनों का संवेदनशीलता एवं समय-सीमा के भीतर निराकरण किया जाए, ताकि ग्रामीणों को योजनाओं का वास्तविक लाभ मिल सके।
योजनाओं की जानकारी और लाभ वितरण
शिविर परिसर में पंचायत एवं ग्रामीण विकास, राजस्व, महिला एवं बाल विकास, स्वास्थ्य, शिक्षा, कृषि, उद्यानिकी, मत्स्य, पशुपालन, खाद्य, विद्युत, लोक स्वास्थ्य यांत्रिकी एवं श्रम विभाग सहित विभिन्न विभागों द्वारा स्टॉल लगाए गए थे। अधिकारियों ने योजनाओं की पात्रता, आवेदन प्रक्रिया तथा लाभों की जानकारी ग्रामीणों को विस्तारपूर्वक दी।
प्राप्त आवेदनों में प्रधानमंत्री आवास योजना, राशन कार्ड, भूमि पट्टा, शौचालय निर्माण, राजस्व प्रकरणों एवं अन्य जनकल्याणकारी योजनाओं से संबंधित आवेदन प्रमुख रूप से शामिल रहे।
शिविर में विभिन्न विभागों द्वारा कुल 55 हितग्राहियों को लाभान्वित किया गया। पंचायत एवं ग्रामीण विकास विभाग द्वारा प्रधानमंत्री आवास योजना अंतर्गत 10 हितग्राहियों को सांकेतिक चाबी वितरित की गई तथा राष्ट्रीय ग्रामीण आजीविका मिशन के अंतर्गत 2 स्व-सहायता समूहों को बैंक ऋण प्रदान किया गया।
महिला एवं बाल विकास विभाग द्वारा 4 हितग्राहियों को नोनी सुरक्षा योजना का लाभ, 5 हितग्राहियों को सुपोषण किट तथा 5 किशोरी बालिकाओं को स्वच्छता किट वितरित किए गए। शिक्षा विभाग द्वारा प्रथम स्थान प्राप्त 9 विद्यार्थियों को सम्मानित किया गया।
इसी प्रकार मत्स्य विभाग द्वारा 5 हितग्राहियों को मछली जाल एवं आइस बॉक्स, उद्यानिकी विभाग द्वारा 5 हितग्राहियों को सब्जी मिनी किट तथा समाज कल्याण विभाग द्वारा 2 हितग्राहियों को वॉकिंग स्टिक प्रदान की गई। शिविर में प्राप्त आवेदनों के त्वरित निराकरण हेतु संबंधित विभागों को आवश्यक निर्देश दिए गए।
इस अवसर पर जिला पंचायत सभापति ललित चोपड़ा, जनपद सदस्य छुईखदान दुष्यंत जंघेल , सांसद प्रतिनिधि खम्मन ताम्रकार सहित अन्य जनप्रतिनिधि उपस्थित रहे।
कार्यक्रम में एसडीएम छुईखदान अविनाश ठाकुर, सीईओ जनपद पंचायत छुईखदान केशवरी देवांगन सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी-कर्मचारी एवं बड़ी संख्या में ग्रामीणजन मौजूद रहे।



