त्रिस्तरीय पंचायत उप निर्वाचन-2026 : प्रेक्षक प्रेम प्रकाश शर्मा ने किया निर्वाचन क्षेत्रों एवं स्ट्रॉन्ग रूम का निरीक्षण

AP न्यूज़ विश्वराज ताम्रकार जिला ब्यूरो चीफ KCG
खैरागढ़ : त्रिस्तरीय पंचायत उप निर्वाचन-2026 के अंतर्गत जिला खैरागढ़-छुईखदान-गण्डई के लिए नियुक्त प्रेक्षक प्रेम प्रकाश शर्मा द्वारा आज जिले के 04 ग्राम पंचायतों के रिक्त 04 पंच पदों हेतु निर्वाचन क्षेत्रों का निरीक्षण किया गया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने स्ट्रॉन्ग रूम, रिटर्निंग ऑफिस कार्यालय सहित निर्वाचन संबंधी विभिन्न व्यवस्थाओं का जायजा लिया तथा उपस्थित अधिकारियों एवं कर्मचारियों को निर्वाचन प्रक्रिया को शांतिपूर्ण, निष्पक्ष एवं पारदर्शी ढंग से संपन्न कराने के संबंध में आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
निरीक्षण उपरांत जिला कार्यालय के कक्ष क्रमांक 13 में नाम निर्देशन पत्रों एवं आगामी चुनावी कार्यक्रम के संबंध में समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक में निर्वाचन संबंधी तैयारियों, नाम निर्देशन प्रक्रिया तथा व्यवस्थाओं की विस्तार से समीक्षा करते हुए आवश्यक निर्देश प्रदान किए गए।
समीक्षा बैठक में अपर कलेक्टर एवं उप जिला निर्वाचन अधिकारी सुरेन्द्र कुमार ठाकुर, रिटर्निंग ऑफिसर एवं प्रभारी तहसीलदार खैरागढ़ पूजा पींचा, मुख्य कार्यपालन अधिकारी जनपद पंचायत खैरागढ़ हिमांशु गुप्ता, अतिरिक्त मुख्य कार्यपालन अधिकारी जनपद पंचायत खैरागढ़ सतीश देशलहरा तथा सहायक अधीक्षक विश्वास कुमार श्रीवास्तव सहित अन्य अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।
उल्लेखनीय है कि जनपद पंचायत खैरागढ़ अंतर्गत ग्राम पंचायत अमलीडीहकला वार्ड क्रमांक 17, ग्राम पंचायत दिलीपपुर वार्ड क्रमांक 10, ग्राम पंचायत टेकापार वार्ड क्रमांक 03 तथा जनपद पंचायत छुईखदान अंतर्गत ग्राम पंचायत पैलीमेटा वार्ड क्रमांक 11 में पंच के रिक्त पद हेतु उप निर्वाचन कराया जाना है।
निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार 18 मई 2026 तक प्राप्त नाम निर्देशन पत्रों में ग्राम पंचायत अमलीडीहकला में 00, दिलीपपुर में 01, टेकापार में 01 तथा पैलीमेटा में 01 नाम निर्देशन पत्र प्राप्त हुए हैं। इस प्रकार कुल 03 नाम निर्देशन पत्र प्राप्त हुए हैं। इसके साथ ही निर्वाचन की प्रारंभिक तैयारियों की समीक्षा कर आवश्यक व्यवस्थाओं को सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए।


