एआई-सक्षम हैंडहेल्ड एक्स-रे मशीन से जिले में टीबी जांच अभियान शुरू

AP न्यूज विश्वराज ताम्रकार जिला ब्यूरो चीफ केसीजी
जिले में उच्च जोखिम वाले लोगों की टीबी स्क्रीनिंग होगी तेज
मोबाइल एक्स-रे मशीन से गांव-गांव में होगी टीबी की जांच
खैरागढ़ : भारत सरकार एवं छत्तीसगढ़ शासन के निर्देशन तथा कलेक्टर इंद्रजीत सिंह चंद्रवाल के मार्गदर्शन में जिला खैरागढ़-छुईखदान-गंडई में टीबी उन्मूलन को बढ़ावा देने के लिए एआई-सक्षम हैंडहेल्ड एक्स-रे मशीन से जांच अभियान शुरू किया गया है। इन आधुनिक मोबाइल मशीनों के माध्यम से ग्रामों एवं आयुष्मान आरोग्य मंदिरों में विशेष जांच शिविर लगाकर समुदाय स्तर पर टीबी की जांच को अधिक सुलभ बनाया जा रहा है।
स्वास्थ्य विभाग के अनुसार यह अभियान विशेष रूप से उच्च जोखिम वाले समूहों को ध्यान में रखकर चलाया जा रहा है। इनमें 60 वर्ष से अधिक आयु के व्यक्ति, मधुमेह के मरीज, कुपोषित लोग, शराब व धूम्रपान करने वाले, टीबी रोगियों के संपर्क में रहने वाले तथा झुग्गी-झोपड़ी और जेलों में रहने वाले लोग शामिल हैं।
मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. आशीष शर्मा ने बताया कि जिला क्षय अधिकारी डॉ. ऋतुराज सिंह के नेतृत्व में टीम द्वारा जिला उप-जेल सलोनी में 11 व 12 मार्च को विशेष स्क्रीनिंग अभियान चलाया गया, जिसमें एआई-सक्षम हैंडहेल्ड एक्स-रे मशीन से 126 व्यक्तियों की जांच की गई। संभावित मरीजों की पुष्टि के लिए आगे की जांच की जाएगी। उन्होंने बताया कि यह मशीन कुछ ही सेकंड में 90 प्रतिशत से अधिक सटीकता के साथ टीबी के संदेह का पता लगाने में सक्षम है।
इस शिविर में आरएमए भारती वर्मा, एसटीएस संदीप क्षीरसागर, एसटीएलएस तोरण साहू, रेडियोग्राफर मेघराज साहू सहित अन्य पैरामेडिकल स्टाफ का सहयोग रहा। स्वास्थ्य विभाग द्वारा जल्द ही जिले के अन्य ग्रामों और वार्डों में भी इसी तरह के टीबी स्क्रीनिंग शिविर आयोजित किए जाएंगे।


