अटल वयो अभ्युदय योजना के तहत 24 वरिष्ठ नागरिक मोतियाबिंद सर्जरी हेतु एम्स रायपुर रवाना

AP न्यूज विश्वराज ताम्रकार जिला ब्यूरो चीफ केसीजी
खैरागढ़ :
भारत सरकार के सामाजिक न्याय एवं अधिकारिता मंत्रालय द्वारा वरिष्ठ नागरिकों के कल्याण हेतु संचालित अटल वयो अभ्युदय योजना (AVYAY) के अंतर्गत जिले के 24 चयनित वरिष्ठ नागरिकों को मोतियाबिंद सर्जरी के लिए एम्स रायपुर भेजा गया।
राज्य में योजना का क्रियान्वयन समाज कल्याण विभाग द्वारा किया जा रहा है। कलेक्टर इंद्रजीत सिंह चंद्रवाल के मार्गदर्शन तथा स्वास्थ्य विभाग के समन्वय से चयनित हितग्राहियों की सर्जरी की व्यवस्था सुनिश्चित की गई। सभी हितग्राहियों को उनके सहायकों के साथ बस द्वारा सुरक्षित रूप से एम्स रायपुर के लिए रवाना किया गया।
इस अभियान में राज्यपाल के गोद ग्राम सोनपुरी से भी वरिष्ठ नागरिकों का चयन किया गया। ग्राम सोनपुरी से बस को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया गया।
इस अवसर पर ग्राम पंचायत सोनपुरी की सरपंच सीमा वर्मा, अन्य जनप्रतिनिधि, ग्राम सचिव पुनीता साहू सहित समाज कल्याण विभाग के सहायक संचालक कमलेश कुमार पटेल, हेमंत टंडन, बेदराम भारती तथा विभागीय अधिकारी-कर्मचारी उपस्थित रहे।

