ChhattisgarhKCGखास-खबर

क्रीड़ा प्रोत्साहन योजनांतर्गत प्रतिभा खोज के तहत खिलाड़ियों को खेलवृत्ति वर्ष 2025-26 हेतु आवेदन आमंत्रित

News Ad Slider
Advertisement

AP न्यूज विश्वराज ताम्रकार जिला ब्यूरो चीफ केसीजी

खैरागढ़ :
क्रीड़ा प्रोत्साहन योजनांतर्गत प्रतिभा खोज कार्यक्रम के तहत वर्ष 2025–26 हेतु खिलाड़ियों से खेलवृत्ति के लिए आवेदन आमंत्रित किए गए हैं। छत्तीसगढ़ शासन की इस योजना के अंतर्गत प्रत्येक वित्तीय वर्ष में प्रतिभा खोज कार्यक्रम के माध्यम से आयोजित खेल प्रतियोगिताओं में पदक प्राप्त करने वाले खिलाड़ियों को खेलवृत्ति प्रदान किए जाने का प्रावधान है। ओलंपिक, कॉमनवेल्थ, एशियाड एवं नेशनल गेम्स में शामिल खेलों की राष्ट्रीय खेल अथवा राष्ट्रीय चैम्पियनशिप में सीनियर, जूनियर एवं सब-जूनियर वर्ग में प्रथम, द्वितीय एवं तृतीय स्थान प्राप्त करने वाले प्रदेश के प्रतिभाशाली खिलाड़ियों को सीनियर वर्ग हेतु क्रमशः 75 हजार, 50 हजार एवं 40 हजार रुपये, जूनियर वर्ग हेतु क्रमशः 60 हजार, 40 हजार एवं 30 हजार रुपये तथा सब-जूनियर वर्ग हेतु क्रमशः 50 हजार, 25 हजार एवं 20 हजार रुपये की खेलवृत्ति प्रदाय की जाएगी। एकल एवं दलीय खेलों में वही खिलाड़ी पात्र होंगे जिन्होंने संबंधित प्रतियोगिता में वास्तविक रूप से भाग लिया हो, जिसका प्रमाण संबंधित राज्य खेल संघ के पदाधिकारियों के माध्यम से प्रमाणित होना अनिवार्य होगा। खेलवृत्ति स्वीकृति हेतु संचालक, खेल एवं युवा कल्याण सक्षम अधिकारी होंगे। योजना के अंतर्गत वही खिलाड़ी पात्र होंगे जो छत्तीसगढ़ राज्य के मूल निवासी हों तथा प्रतियोगिता में राज्य की ओर से प्रतिनिधित्व किया हो। यदि किसी खिलाड़ी ने एक से अधिक वर्गों में प्रथम स्थान प्राप्त किया है तो उसे केवल श्रेष्ठतम वर्ग के आधार पर खेलवृत्ति प्रदान की जाएगी तथा यदि किसी खिलाड़ी द्वारा दो अलग-अलग वर्गों में पदक अर्जित किया गया है तो उसकी सर्वश्रेष्ठ उपलब्धि के आधार पर खेलवृत्ति देय होगी। प्रत्येक वित्तीय वर्ष में एक खिलाड़ी को केवल एक बार ही खेलवृत्ति की पात्रता होगी तथा अधिकतम 25 वर्ष आयु तक के खिलाड़ी ही खेलवृत्ति प्राप्त करने के पात्र होंगे। आवेदन की पात्रता का निर्धारण आवेदन वर्ष के विगत वर्ष में अर्जित उपलब्धियों के आधार पर किया जाएगा। विगत वर्ष 2024–25 में खिलाड़ियों द्वारा अर्जित उपलब्धियों के आधार पर योजनांतर्गत खेलवृत्ति वर्ष 2025–26 के लिए प्रदाय की जाएगी। खिलाड़ियों द्वारा आवेदन संबंधित जिला कार्यालय अथवा संचालनालय में राज्य खेल संघों से प्रमाणिकरण सहित जमा किया जाना होगा। आवेदन जमा करने की अंतिम तिथि 16 फरवरी 2025 को कार्यालयीन समय तक निर्धारित की गई है। आवेदन प्रारूप एवं विस्तृत जानकारी खेल एवं युवा कल्याण विभाग की वेबसाइट http://sportsyw.cg.gov.in पर उपलब्ध है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button

You cannot copy content of this page