मानक स्टैक और सुरक्षित भंडारण पर जोर, कलेक्टर ने किया अमलीडीह खरीदी केंद्र का निरीक्षण


AP न्यूज विश्वराज ताम्रकार जिला ब्यूरो चीफ केसीजी

खैरागढ़ :
कलेक्टर इंद्रजीत सिंह चन्द्रवाल ने खैरागढ़ विकासखंड अंतर्गत सेवा सहकारी समिति अमलीडीह के धान खरीदी केंद्र का औचक निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने धान उपार्जन की व्यवस्थाओं, भंडारण क्षमता, गुणवत्ता मानकों एवं किसानों को मिल रही सुविधाओं का विस्तार से जायजा लिया।
कलेक्टर ने खरीदी केंद्र परिसर में जमीन पर रखे गए धान स्टॉक को देखकर पर्याप्त डनेज (प्लेटफॉर्म) की व्यवस्था सुनिश्चित करने के निर्देश दिए, ताकि धान की गुणवत्ता प्रभावित न हो। उन्होंने मानक स्टैक तैयार करने, पूर्ण स्टैकों को विधिवत ढककर सुरक्षित रखने तथा वर्षा एवं नमी से बचाव की पुख्ता व्यवस्था करने के लिए समिति प्रबंधन को स्पष्ट निर्देश दिए।
निरीक्षण के दौरान बताया गया कि धान उपार्जन केंद्र की बफर लिमिट 7200 क्विंटल निर्धारित है, जबकि अब तक 17,414.40 क्विंटल धान की खरीदी की जा चुकी है। इस पर कलेक्टर ने शीघ्र डीओ (डिलीवरी ऑर्डर) कटाकर धान का उठाव कराने के निर्देश दिए, जिससे खरीदी केंद्र पर अनावश्यक दबाव न बने और आगामी खरीदी सुचारु रूप से जारी रह सके।
कलेक्टर श्री चन्द्रवाल ने किसानों के हित में महत्वपूर्ण निर्देश देते हुए कहा कि ऐसे किसान जिन्होंने समिति में धान विक्रय कर दिया है, लेकिन टोकन में दर्शित शेष मात्रा उनके पास उत्पादन कम होने के कारण उपलब्ध नहीं है, वे नियमानुसार रकबा समर्पण की प्रक्रिया अवश्य पूर्ण कराएं। इससे खरीदी व्यवस्था में पारदर्शिता बनी रहेगी और अनावश्यक तकनीकी समस्याओं से बचा जा सकेगा।
निरीक्षण के दौरान कलेक्टर ने अधिकारियों को खरीदी कार्य में सतत निगरानी रखने, किसानों को समय पर भुगतान सुनिश्चित करने तथा शासन के दिशा-निर्देशों के अनुरूप धान उपार्जन कार्य संपादित करने के निर्देश दिए।


