G-QKE15KJ9P0 25777229988609873
ChhattisgarhKCGखास-खबर

गौधाम संचालन हेतु प्राप्त आवेदनों के अनुमोदन पर हुई विस्तृत चर्चा

AP न्यूज विश्वराज ताम्रकार जिला ब्यूरो चीफ केसीजी

कलेक्टर  इन्द्रजीत सिंह चंद्रवाल की अध्यक्षता में हुई जिला एवं विकासखण्ड स्तरीय समितियों की संयुक्त बैठक

खैरागढ़, 24 अक्टूबर 2025। शासन द्वारा संचालित गौधाम संचालन योजना के प्रभावी क्रियान्वयन एवं प्राप्त आवेदनों के अनुमोदन हेतु आज जिला स्तरीय एवं दोनों विकासखण्ड स्तरीय समितियों की संयुक्त बैठक आयोजित की गई।
बैठक की अध्यक्षता कलेक्टर  इन्द्रजीत सिंह चंद्रवाल ने की। इस अवसर पर मुख्य कार्यपालन अधिकारी, जिला पंचायत  प्रेम पटेल, जिला पशुधन विकास विभाग, कृषि विभाग के अधिकारी तथा संबंधित समिति सदस्य उपस्थित रहे।

कलेक्टर श्री चंद्रवाल ने कहा कि गौधाम संचालन का उद्देश्य केवल गौवंश की सुरक्षा नहीं, बल्कि ग्रामीण अर्थव्यवस्था को सशक्त बनाना और जैविक खेती को बढ़ावा देना है। उन्होंने निर्देश दिए कि शासन के दिशा-निर्देशों का अक्षरशः पालन करते हुए प्रत्येक गौधाम का संचालन पारदर्शी एवं व्यवस्थित रूप से किया जाए।

मुख्य कार्यपालन अधिकारी  प्रेम पटेल ने बताया कि शासन के निर्देशानुसार प्राप्त आवेदनों का परीक्षण किया जा रहा है, तथा समिति सदस्यों द्वारा स्थलीय निरीक्षण के बाद अंतिम अनुमोदन की प्रक्रिया पूर्ण की जाएगी।

बैठक में निर्णय लिया गया कि गौधामों में गौवंश के लिए आहार व्यवस्था को सुदृढ़ बनाने हेतु किसानों को पैरादान के लिए जागरूक किया जाएगा। इसके लिए ग्राम पंचायत स्तर पर विशेष जनजागरूकता अभियान चलाया जाएगा, ताकि किसान फसल अवशेष (पैरा) दान करने के लिए प्रेरित हों।

समिति सदस्यों ने गौधामों में पैरा कुट्टी मशीन की व्यवस्था का सुझाव भी रखा, जिससे गौवंश हेतु आहार तैयार करने में सुविधा होगी।

बैठक के समापन पर कलेक्टर श्री चंद्रवाल ने कहा कि गौधाम योजना ग्रामीण जीवन, पर्यावरण संरक्षण और आर्थिक स्वावलंबन से जुड़ी योजना है। इसके सफल संचालन में पंचायत प्रतिनिधियों, किसानों एवं समाज के सहयोग की महत्वपूर्ण भूमिका रहेगी। उन्होंने अधिकारियों को निर्देशित किया कि गौधामों की नियमित निगरानी कर आवश्यक सुधारात्मक कदम सुनिश्चित किए जाएं।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button

You cannot copy content of this page