ChhattisgarhINDIAखास-खबर

खेक्सी की खेती से किसान को लाखों की आमदनी, कलेक्टर ने की सराहना

AP न्यूज विश्वराज ताम्रकार जिला ब्यूरो चीफ केसीजी

राष्ट्रीय बागवानी मिशन के तहत मिली तकनीकी सहायता और अनुदान, अन्य किसानों को भी प्रोत्साहित करने दिए निर्देश

खैरागढ़, 20 जून 2025//
छुईखदान विकासखंड के ग्राम गुमानपुर निवासी प्रगतिशील कृषक  सजेलाल जंघेल ने राष्ट्रीय बागवानी मिशन योजना का लाभ लेकर खेक्सी (कंटोला) की खेती में उल्लेखनीय सफलता हासिल की है। सजेलाल द्वारा खेत में की गई नवाचारी खेती का अवलोकन करने आज कलेक्टर  इंद्रजीत चंद्रवाल ने उनके प्रक्षेत्र का दौरा किया।

निरीक्षण के दौरान जिला पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी  प्रेमकुमार पटेल एवं उद्यानिकी विभाग के सहायक संचालक  रविन्द्र कुमार मेहरा भी उपस्थित रहे। श्री मेहरा ने बताया कि राष्ट्रीय बागवानी मिशन योजना के तहत विलुप्त होती सब्जियों को पुनर्जीवित करने और किसानों को उच्च मूल्य की फसलें अपनाने के लिए खेक्सी की अग्रिम पंक्ति फसल प्रदर्शन कराया गया है।

कलेक्टर ने खेक्सी की उन्नत खेती देख प्रसन्नता जताई। उन्होंने किसान से खेती के तरीकों, लागत, उत्पादन और बाजार मूल्य की जानकारी लेते हुए अन्य किसानों को भी इस दिशा में प्रेरित करने की सलाह दी। साथ ही विभागीय अधिकारियों को निर्देशित किया कि अधिक से अधिक किसानों को ऐसी योजनाओं से लाभांवित किया जाए।

किसान सजेलाल जंघेल ने बताया कि उन्होंने एक एकड़ भूमि में खेक्सी की फसल ली, जिससे विगत वर्ष 20 क्विंटल से अधिक का उत्पादन हुआ। इस फसल की बाजार में भारी मांग है। शुरुआती दौर में इसकी बिक्री ₹200 प्रति किलो तक हुई, वहीं बाद में ₹100 प्रति किलो की दर से भी उन्होंने बिक्री की। कुल मिलाकर वर्ष भर में लगभग ₹3-4 लाख की आमदनी उन्होंने इस फसल से अर्जित की।

उद्यानिकी विभाग द्वारा उन्हें ₹4 लाख की अनुदान राशि भी प्रदान की गई है, जिससे वे खेत में संरचना और तकनीकी सहायता प्राप्त कर सके। खेक्सी पोषक तत्वों से भरपूर फसल है और इसे स्वास्थ्यवर्धक सब्जियों में गिना जाता है।

कलेक्टर श्री चन्द्रवाल ने इस पहल की सराहना करते हुए कहा कि यह मॉडल अन्य किसानों के लिए भी प्रेरणास्रोत बन सकता है। शासन की योजनाओं का सही उपयोग कर किसान आत्मनिर्भरता की दिशा में ठोस कदम उठा रहे हैं।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button

You cannot copy content of this page