महाराष्ट्र: कोविड-19 मरीजों के शव वैन में रखे मिले, जांच का आदेश


Image Source : PTI FILE PHOTO
पुणे (महाराष्ट्र)। राज्य के एक स्थानीय जनप्रतिनिधि ने आरोप लगाया है कि कोविड-19 मरीजों के शवों को अहमदनगर शहर के शवदाह गृह ले जा रही वैन में 12 शव एक के ऊपर एक रखे हुए थे। एक अधिकारी ने बुधवार को बताया कि स्थानीय निकाय ने शवों के परिवहन की जिम्मेदारी संभाल रहे व्यक्ति को कारण बताओ नोटिस जारी किया है।
अहमदनगर नगरपालिका को पत्र लिखकर शिवसेना के नगर सेवक बालासाहेब बोराटे ने यह मुद्दा उठाया है। उन्होंने संवाददाताओं से कहा, ‘मैं रविवार को सदर अस्पताल गया था, क्योंकि मेरे मित्र के पिता की मृत्यु हो गई थी। मैंने देखा कि कोविड-19 मरीजों के शव एक वैन में ऐसे ही रखे हुए थे और उन्हें शवदाह गृह ले जाया जा रहा था।’
नगरसेवक ने दावा किया है कि अस्पताल प्रशासन से संपर्क करने पर वे संतोषजनक उत्तर नहीं दे सके। उन्होंने बताया कि आठ पुरुषों और चार महिलाओं के शव थे। उन्होंने कहा, ‘मैंने उसकी तस्वीरें निकालीं और इस मुद्दे को नगर आयुक्त श्रीकांत एम.के समक्ष उठाया।’ नगरआयुक्त ने बताया कि मामले की जांच के आदेश दे दिए गए हैं।