G-QKE15KJ9P0 25777229988609873
ChhattisgarhINDIAKabirdhamखास-खबर

भोरमदेव शक्कर कारखाना के 4,691 किसानों को मिली अंशधारी सदस्यता

उप मुख्यमंत्री विजय शर्मा ने बांटे शेयर प्रमाण पत्र, वर्षों पुरानी मांग हुई पूरी

कवर्धा, 12 जुलाई। भोरमदेव सहकारी शक्कर उत्पादक कारखाना से जुड़े 4,691 गन्ना उत्पादक किसानों के लिए रविवार ऐतिहासिक दिन रहा। वर्षों से अंशधारी सदस्य बनने की प्रतीक्षा कर रहे किसानों को नवीन अंशधारी सदस्य बनाते हुए शेयर प्रमाण पत्र वितरित किए गए। कवर्धा के पीजी कॉलेज डोम में आयोजित कृषक संगोष्ठी एवं प्रमाण-पत्र वितरण समारोह में उप मुख्यमंत्री विजय शर्मा ने किसानों को प्रमाण-पत्र सौंपे।

उप मुख्यमंत्री ने कहा कि भोरमदेव शक्कर कारखाना में गन्ना बेचने वाले 4,691 ऐसे किसानों को पहली बार अंशधारी सदस्य बनाया गया है, जो अब तक शेयरधारक नहीं थे। उन्होंने कहा कि इन किसानों ने बिना अंशधारी बने भी कारखाने की प्रगति में महत्वपूर्ण योगदान दिया है। अब उन्हें सदस्य बनाकर उनके योगदान का सम्मान किया गया है। इससे किसानों की सहकारिता में भागीदारी और मजबूत होगी तथा गन्ना उत्पादन को भी नई गति मिलेगी।

उन्होंने बताया कि पिछले पेराई सत्र में कारखाना में 2 लाख 55 हजार 818 मीट्रिक टन गन्ने की पेराई हुई थी। वर्तमान में कारखाना के लगभग 23 हजार अंशधारी सदस्य हैं। वहीं, 4,691 गैर-अंशधारी किसानों ने भी गन्ने की आपूर्ति की थी, जिन्हें अब शेयर प्रमाण-पत्र देकर सदस्यता प्रदान की गई है।

उप मुख्यमंत्री ने किसानों से इस वर्ष साढ़े चार लाख मीट्रिक टन गन्ना कारखाना को उपलब्ध कराने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि अधिक गन्ना उपलब्ध होने से कारखाना मजबूत होगा, किसानों को एफआरपी का समय पर भुगतान, बेहतर रिकवरी और भविष्य में अधिक लाभांश मिलने की संभावना बढ़ेगी। उन्होंने गन्ना बोनस बढ़ाने के लिए भी सकारात्मक प्रयास करने का भरोसा दिलाया।

उन्होंने कहा कि नवीन अंशधारी सदस्य बनने से किसानों को अब नियमित रूप से गन्ना विक्रय करने के साथ-साथ अंशधारी सदस्यों को मिलने वाली सभी सुविधाओं का लाभ मिलेगा। इससे कारखाना को भी पेराई के लिए पर्याप्त गन्ना उपलब्ध होगा और उसकी उत्पादन क्षमता मजबूत होगी।

प्राकृतिक खेती अपनाने की अपील

उप मुख्यमंत्री ने किसानों से प्राकृतिक और जैविक खेती को अपनाने की अपील करते हुए कहा कि इससे कृषि उत्पादों को राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय बाजार तक पहुंचाने में मदद मिलेगी। उन्होंने बताया कि 17, 18 और 19 जुलाई को कवर्धा विधायक कार्यालय में एनपीओपी (राष्ट्रीय जैविक उत्पादन कार्यक्रम) प्रमाणन विषय पर विशेषज्ञ किसानों को मार्गदर्शन देंगे। उन्होंने किसानों से इसका लाभ उठाने का आग्रह किया।

उन्होंने कहा कि कबीरधाम जिले के कृषि उत्पादों को राष्ट्रीय और वैश्विक बाजार में पहचान दिलाने के लिए सभी को मिलकर कार्य करना होगा।

वर्षों पुरानी मांग हुई पूरी

क्षेत्र के गन्ना उत्पादक किसान लंबे समय से नए अंशधारी सदस्य बनाए जाने की मांग कर रहे थे। उप मुख्यमंत्री विजय शर्मा के निर्देश पर जिला प्रशासन, कारखाना प्रबंधन, जनप्रतिनिधियों और किसान संगठनों के सहयोग से कार्ययोजना तैयार की गई। इसके तहत पेराई सत्र 2025-26 में गैर-अंशधारी किसानों से भी गन्ना खरीदा गया और उन्हें अंशधारी सदस्य बनाने का निर्णय लिया गया।

कार्यक्रम में छत्तीसगढ़ कृषक कल्याण बोर्ड के अध्यक्ष सुरेश चंद्रवंशी, जिला पंचायत अध्यक्ष ईश्वरी साहू, उपाध्यक्ष कैलाश चंद्रवंशी, जिला पंचायत सदस्य राम कुमार भट्ट, पूर्व विधायक सियाराम साहू, जनपद पंचायत उपाध्यक्ष गणेश तिवारी, पूर्व जिला पंचायत अध्यक्ष विदेशी राम धुर्वे, संतोष पटेल, भुवनेश्वर चंद्राकर, राम किंकर वर्मा, मनीराम साहू, राम कुमार मेरावी, लोकचंद साहू, कारखाना के प्रबंध संचालक जी.एस. शर्मा, महाप्रबंधक अंकित मरकाम, किसान संघों के प्रतिनिधि, अंशधारी सदस्य तथा बड़ी संख्या में किसान उपस्थित रहे।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button

You cannot copy content of this page