G-QKE15KJ9P0 25777229988609873
ChhattisgarhINDIARaipurखास-खबर

कवर्धा की प्रतिभा एक दिन बनेगी देश का गौरव : विजय शर्मा

171 मेधावी विद्यार्थियों का सम्मान, 10वीं के छात्रों को 5 और 12वीं के विद्यार्थियों को 10 हजार रुपए की प्रोत्साहन राशि

कवर्धा, 25 अगस्त। कवर्धा विधानसभा के 171 मेधावी विद्यार्थियों का मंगलवार को पीजी कॉलेज ऑडिटोरियम में सम्मान किया गया। विधायक एवं उपमुख्यमंत्री विजय शर्मा ने 10वीं और 12वीं में 90 प्रतिशत या उससे अधिक अंक हासिल करने वाले विद्यार्थियों को प्रोत्साहन राशि के चेक, प्रतीक चिन्ह और प्रेरक पुस्तकें भेंट कीं। कार्यक्रम में पहली बार वनांचल और दूरस्थ क्षेत्रों के प्रतिभावान विद्यार्थियों को भी बड़े स्तर पर सम्मानित किया गया।

विजय शर्मा ने विद्यार्थियों के बीच बैठकर उनसे पढ़ाई, रुचि और भविष्य के सपनों पर बातचीत की। उन्होंने कहा, “जो करना है, पूरे मन से कर डालो। लक्ष्य के लिए पूरा प्राण लगा देना चाहिए। संसाधनों की कमी को सफलता के रास्ते में बाधा नहीं बनने देना चाहिए।” उन्होंने युवाओं को अपनी ऊर्जा समाज और राष्ट्रहित में लगाने की सलाह दी।

विषय को समझें, सिर्फ रटें नहीं

विद्यार्थियों से संवाद के दौरान कक्षा 12वीं के छात्र राकेश जांगड़े ने पूछा कि परीक्षा में प्रथम आने के लिए वे पहले से तैयारी करते थे या प्रथम आने का जुनून रहता था। विजय शर्मा ने कहा कि कक्षा में शिक्षक की बात ध्यान से सुनना और विषय को समझना जरूरी है। केवल रटने के बजाय विषय की समझ मजबूत होगी तो किसी भी सवाल का जवाब आत्मविश्वास से दिया जा सकेगा।

कक्षा 10वीं की छात्रा मृदुला श्रीवास्तव ने संसाधनों की कमी के बीच विज्ञान की पढ़ाई को लेकर सवाल किया। इस पर शर्मा ने कहा कि समय और संसाधनों की कमी कभी सफलता की राह नहीं रोक सकती। विद्यार्थियों को शिक्षकों का सम्मान करते हुए कक्षा में पढ़ाई पर पूरा ध्यान देना चाहिए।

90% से अधिक अंक वालों को प्रोत्साहन

समारोह में 10वीं में 90 प्रतिशत या उससे अधिक अंक पाने वाले विद्यार्थियों को 5-5 हजार रुपए और 12वीं में 90 प्रतिशत या उससे अधिक अंक पाने वाले विद्यार्थियों को 10-10 हजार रुपए की प्रोत्साहन राशि दी गई। सभी विद्यार्थियों को प्रतीक चिन्ह और प्रेरक पुस्तकें भी भेंट की गईं।

विजय शर्मा ने कहा कि कवर्धा की धरती प्रतिभाओं से भरी है। आज सम्मानित विद्यार्थी आगे चलकर जिले और प्रदेश का नाम रोशन करेंगे और एक दिन देश का गौरव बनेंगे।

गुरुजन और शाला प्रबंधन समिति के अध्यक्ष भी सम्मानित

आयोजन में विद्यार्थियों की सफलता में योगदान देने वाले स्कूलों के प्राचार्यों और शाला प्रबंधन समिति के अध्यक्षों को भी सम्मानित किया गया। कार्यक्रम में कृषक कल्याण परिषद अध्यक्ष सुरेश चंद्रवंशी, जिला पंचायत अध्यक्ष ईश्वरी साहू, उपाध्यक्ष कैलाश चंद्रवंशी, जिला पंचायत सदस्य रामकुमार भट्ट, रामकिंकर वर्मा, निर्मल द्विवेदी, हरीश लुनिया, कलेक्टर तुलिका प्रजापति, डीएफओ निखिल अग्रवाल, जिला पंचायत सीईओ अभिषेक अग्रवाल सहित जनप्रतिनिधि, विद्यार्थी, पालक और शिक्षक मौजूद रहे।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button

You cannot copy content of this page