सुदूर वनांचल ग्राम बेंदा पहुंचे एसपी धर्मेंद्र सिंह, ग्रामीणों और बच्चों से किया सीधा संवाद

कवर्धा।सामुदायिक पुलिसिंग को मजबूत बनाने और आमजन से सीधा संवाद स्थापित करने के उद्देश्य से पुलिस अधीक्षक धर्मेंद्र सिंह (आईपीएस) लगातार जिले के दूरस्थ वनांचल क्षेत्रों का दौरा कर रहे हैं। इसी क्रम में उन्होंने सुदूर वनांचल ग्राम बेंदा पहुंचकर ग्रामीणों, महिलाओं, युवाओं और बच्चों से आत्मीय मुलाकात की तथा उनकी समस्याओं, आवश्यकताओं और सुझावों को सुना।
दौरे के दौरान एसपी ने ग्रामीणों से क्षेत्र की कानून-व्यवस्था, सुरक्षा व्यवस्था और जनसहयोग से संचालित पुलिस गतिविधियों की जानकारी ली। उन्होंने लोगों से पुलिस और जनता के बीच विश्वास एवं सहयोग की भावना को बनाए रखने की अपील करते हुए किसी भी संदिग्ध गतिविधि की सूचना तत्काल पुलिस को देने का आग्रह किया।
एसपी धर्मेंद्र सिंह ने बच्चों से भी संवाद किया और उन्हें शिक्षा का महत्व बताते हुए नियमित रूप से विद्यालय जाने, अनुशासित जीवन अपनाने तथा नशे और अन्य सामाजिक बुराइयों से दूर रहने की प्रेरणा दी। उन्होंने बच्चों को अपने उज्ज्वल भविष्य के लिए निरंतर मेहनत करने का संदेश दिया।
इस अवसर पर एसपी ने कहा कि पुलिस और जनता के बीच विश्वास एवं सहयोग सुरक्षित एवं विकसित समाज की सबसे बड़ी ताकत है। दूरस्थ वनांचल क्षेत्रों तक पहुंचकर नागरिकों की समस्याओं को समझना और उनका समाधान करना पुलिस की प्राथमिक जिम्मेदारी है।
उल्लेखनीय है कि ग्राम बेंदा सहित यह क्षेत्र कभी नक्सल प्रभावित रहा है, लेकिन शासन-प्रशासन, सुरक्षा बलों और स्थानीय नागरिकों के संयुक्त प्रयासों से आज कबीरधाम जिला पूरी तरह नक्सल मुक्त हो चुका है। यह उपलब्धि सभी के सामूहिक सहयोग का परिणाम है।
कबीरधाम पुलिस द्वारा आगे भी सामुदायिक पुलिसिंग के तहत जिले के दूरस्थ एवं संवेदनशील क्षेत्रों में जनसंवाद कार्यक्रम आयोजित किए जाते रहेंगे, ताकि पुलिस और जनता के बीच बेहतर समन्वय स्थापित हो तथा क्षेत्र में शांति, सुरक्षा और विकास का वातावरण और अधिक मजबूत हो सके।

