सड़क पर उतरे एसपी धर्मेन्द्र सिंह, खुद संभाली इंटरसेप्टर वाहन की कमान


सड़क पर उतरे एसपी धर्मेन्द्र सिंह, खुद संभाली इंटरसेप्टर वाहन की कमान
यातायात नियम तोड़ने वालों पर की ऑनलाइन चालानी कार्रवाई, कहा- पुलिस का उद्देश्य जीवन बचाना है
कवर्धा। जिले में सड़क दुर्घटनाओं पर अंकुश लगाने और यातायात व्यवस्था को अधिक सुरक्षित एवं अनुशासित बनाने के उद्देश्य से पुलिस अधीक्षक धर्मेन्द्र सिंह (आईपीएस) स्वयं सड़क पर उतरे। सोमवार को उन्होंने कवर्धा शहर के अंबेडकर चौक पहुंचकर इंटरसेप्टर वाहन का निरीक्षण किया और स्वयं वाहन में बैठकर उसकी कार्यप्रणाली का परीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने यातायात नियमों का उल्लंघन करने वाले वाहन चालकों पर ऑनलाइन चालानी कार्रवाई भी की।
अंबेडकर चौक में निरीक्षण के दौरान एसपी धर्मेन्द्र सिंह ने इंटरसेप्टर वाहन में उपलब्ध आधुनिक तकनीकों की जानकारी ली तथा उपकरणों का संचालन कर वाहनों की निगरानी की। जांच के दौरान बिना हेलमेट दोपहिया वाहन चलाने, सीट बेल्ट नहीं लगाने, मोबाइल फोन पर बात करते हुए वाहन चलाने एवं अन्य यातायात नियमों का उल्लंघन करने वाले वाहन चालकों की पहचान कर ऑनलाइन चालान जारी किए गए।
इस अवसर पर पुलिस अधीक्षक ने यातायात पुलिस अधिकारियों एवं जवानों को निर्देशित करते हुए कहा कि सड़क सुरक्षा केवल पुलिस की जिम्मेदारी नहीं है, बल्कि प्रत्येक नागरिक की सहभागिता से ही सुरक्षित यातायात व्यवस्था सुनिश्चित की जा सकती है। उन्होंने नियमित रूप से जागरूकता अभियान चलाने, स्कूल-कॉलेजों एवं सार्वजनिक स्थलों पर लोगों को यातायात नियमों की जानकारी देने तथा नियमों का उल्लंघन करने वालों के विरुद्ध प्रभावी कार्रवाई करने के निर्देश दिए।
निरीक्षण के दौरान एसपी ने इंटरसेप्टर वाहन की तकनीकी क्षमताओं, ऑनलाइन चालान प्रणाली और सड़क सुरक्षा संबंधी व्यवस्थाओं की भी समीक्षा की। उन्होंने अधिकारियों को निर्देशित किया कि दुर्घटना संभावित क्षेत्रों में विशेष निगरानी रखी जाए तथा ऐसे स्थानों पर नियमित जांच अभियान संचालित किए जाएं। इस दौरान यातायात प्रभारी आरआई पुष्पेन्द्र सिंह भी उपस्थित रहे।
पुलिस अधीक्षक धर्मेन्द्र सिंह ने कहा कि सड़क दुर्घटनाएं केवल आंकड़े नहीं होतीं, बल्कि किसी परिवार की खुशियां छीन लेने वाली घटनाएं होती हैं। अधिकांश दुर्घटनाएं लापरवाही और यातायात नियमों की अनदेखी के कारण होती हैं। यदि प्रत्येक नागरिक हेलमेट, सीट बेल्ट और अन्य सुरक्षा उपायों का पालन करे तो बड़ी संख्या में दुर्घटनाओं और जनहानि को रोका जा सकता है।
उन्होंने कहा कि पुलिस का उद्देश्य केवल चालान काटना नहीं, बल्कि लोगों के जीवन की रक्षा करना है। यातायात नियमों का पालन करने वाला नागरिक न केवल स्वयं सुरक्षित रहता है, बल्कि दूसरों की सुरक्षा में भी योगदान देता है। कबीरधाम पुलिस सड़क सुरक्षा को सर्वोच्च प्राथमिकता देते हुए जागरूकता और प्रवर्तन दोनों स्तरों पर लगातार कार्य कर रही है। नियमों का पालन करने वालों का सम्मान किया जाएगा, जबकि नियमों की अनदेखी करने वालों पर नियमानुसार कार्रवाई जारी रहेगी।


