बेटी बचाओ-बेटी पढ़ाओ योजना के तहत छात्राओं को आत्मरक्षा का प्रशिक्षण

महली स्कूल में आयोजित कार्यशाला में 142 प्रतिभागियों ने लिया हिस्सा, पौधरोपण कर महिला सुरक्षा का लिया संकल्प

कबीरधाम, 14 जुलाई। महिला एवं बाल विकास विभाग द्वारा संचालित ‘बेटी बचाओ, बेटी पढ़ाओ’ योजना के अंतर्गत पंडरिया विकासखंड के शासकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय महली में एक दिवसीय आत्मरक्षा प्रशिक्षण कार्यशाला का आयोजन किया गया। जिला महिला सशक्तिकरण हब के तत्वावधान में आयोजित इस कार्यक्रम में छात्राओं को विषम परिस्थितियों में अपनी सुरक्षा करने के व्यावहारिक तरीके सिखाए गए।
कार्यशाला में विशेषज्ञ प्रशिक्षकों ने किशोरी बालिकाओं को आत्मरक्षा की विभिन्न तकनीकों का प्रदर्शन करते हुए आपातकालीन परिस्थितियों में सतर्क रहने, सही शारीरिक मुद्रा अपनाने, त्वरित बचाव के उपाय तथा मानसिक रूप से मजबूत रहने के बारे में विस्तार से जानकारी दी। प्रशिक्षकों ने बताया कि आत्मरक्षा का उद्देश्य केवल शारीरिक सुरक्षा ही नहीं, बल्कि बालिकाओं में आत्मविश्वास का विकास और उन्हें आत्मनिर्भर बनाना भी है।
प्रशिक्षण के समापन अवसर पर अतिथियों, शिक्षकों एवं छात्राओं ने विद्यालय परिसर में पौधरोपण कर पर्यावरण संरक्षण का संदेश दिया। इस दौरान सभी ने ‘बेटी बचाओ, बेटी पढ़ाओ’ अभियान को सफल बनाने तथा महिला सुरक्षा और सम्मान के प्रति सदैव जागरूक रहने का सामूहिक संकल्प भी लिया।
कार्यक्रम में ग्राम पंचायत के सरपंच, उपसरपंच, विद्यालय के प्राचार्य, शिक्षक-शिक्षिकाएं तथा बड़ी संख्या में छात्राएं उपस्थित रहीं। आत्मरक्षा प्रशिक्षण शिविर में कुल 142 प्रतिभागियों ने भाग लेकर आत्मरक्षा के महत्वपूर्ण गुर सीखे। आयोजन को छात्राओं ने अत्यंत उपयोगी बताते हुए ऐसे प्रशिक्षण कार्यक्रम नियमित रूप से आयोजित करने की आवश्यकता पर बल दिया।
