चित्रकोट में बनेगी 25 करोड़ रुपये की टेंट सिटी, पीपीपीएसी बैठक में परियोजना को मिली गति

मुख्य सचिव विकासशील की अध्यक्षता में हुई बैठक, चित्रकोट को विश्वस्तरीय पर्यटन स्थल के रूप में विकसित करने पर जोर

रायपुर, 21 जुलाई 2026। छत्तीसगढ़ के मुख्य सचिव विकासशील की अध्यक्षता में मंत्रालय महानदी भवन में सार्वजनिक-निजी भागीदारी मूल्यांकन समिति (PPPAC) की बैठक आयोजित हुई। बैठक में बस्तर जिले के चित्रकोट जलप्रपात के समीप ग्राम तीरथ में लगभग 25 करोड़ रुपये की लागत से टेंट सिटी विकसित करने के प्रस्ताव पर विस्तार से चर्चा की गई।
बैठक में बताया गया कि इस परियोजना को पब्लिक-प्राइवेट पार्टनरशिप (PPP) मॉडल पर विकसित किया जाएगा। प्रस्तावित टेंट सिटी चित्रकोट जलप्रपात से लगभग 500 मीटर की दूरी पर स्थित होगी, जिससे पर्यटकों को विश्वस्तरीय सुविधाएं उपलब्ध कराई जा सकेंगी।
एडवेंचर टूरिज्म, डेस्टिनेशन वेडिंग और कॉन्फ्रेंस की मिलेगी सुविधा
पर्यटन विभाग के अधिकारियों ने जानकारी दी कि टेंट सिटी में एडवेंचर एक्टिविटी, डेस्टिनेशन वेडिंग, कॉन्फ्रेंस हॉल सहित आधुनिक पर्यटन सुविधाएं विकसित की जाएंगी। इससे चित्रकोट क्षेत्र देश-विदेश के पर्यटकों के लिए एक आकर्षक पर्यटन केंद्र के रूप में उभर सकेगा।
विश्वस्तरीय पर्यटन स्थल बनाने की तैयारी
मुख्य सचिव विकासशील ने निर्देश दिए कि चित्रकोट जलप्रपात और उसके आसपास के क्षेत्र को विश्वस्तरीय पर्यटन गंतव्य के रूप में विकसित करने के लिए एक समग्र मास्टर प्लान तैयार किया जाए। उन्होंने कहा कि चित्रकोट देश के प्रमुख जलप्रपातों में से एक है और यहां टेंट सिटी बनने से वर्षभर पर्यटन गतिविधियों को बढ़ावा मिलेगा।
उन्होंने कहा कि इस परियोजना से स्थानीय युवाओं के लिए रोजगार और स्वरोजगार के नए अवसर सृजित होंगे तथा बस्तर क्षेत्र की पर्यटन आधारित अर्थव्यवस्था को नई गति मिलेगी।
बैठक में वित्त विभाग के सचिव डॉ. रोहित यादव, पर्यटन एवं संस्कृति विभाग के सचिव डॉ. एस. भारतीदासन, पर्यटन मंडल के प्रबंध संचालक विवेक आचार्य सहित पर्यटन विभाग के वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित रहे।
