राजिम नगर पंचायत का हुआ नगर पालिका में उन्नयन
राज्य शासन ने जारी की अधिसूचना, शहर के विकास को मिलेगी नई रफ्तार
रायपुर, 14 जुलाई। राज्य शासन ने राजिमवासियों की वर्षों पुरानी मांग को पूरा करते हुए राजिम नगर पंचायत का नगर पालिका के रूप में उन्नयन कर दिया है। नगरीय प्रशासन एवं विकास विभाग ने इस संबंध में अधिसूचना जारी कर दी है। अधिसूचना के अनुसार, राजिम नगर पंचायत की वर्तमान सीमाएं ही नई नगर पालिका की सीमाएं होंगी। शासन के इस निर्णय से राजिम क्षेत्र में खुशी और उत्साह का माहौल है।
उपमुख्यमंत्री एवं नगरीय प्रशासन एवं विकास मंत्री अरुण साव ने कहा कि राजिम नगर पंचायत को नगर पालिका का दर्जा मिलने से शहर के सुनियोजित विकास को नई दिशा मिलेगी। उन्होंने कहा कि नगर पालिका बनने से शहरी विकास कार्यों के लिए अधिक संसाधन उपलब्ध होंगे और नागरिक सुविधाओं का तेजी से विस्तार किया जा सकेगा।
उन्होंने बताया कि इस निर्णय से सड़क, नाली, पेयजल, स्वच्छता, स्ट्रीट लाइट, उद्यान, सामुदायिक भवन सहित अन्य आधारभूत सुविधाओं के विकास को गति मिलेगी। साथ ही राज्य और केंद्र सरकार की विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ भी अधिक प्रभावी ढंग से नगरवासियों तक पहुंचाया जा सकेगा।
नगर पालिका का दर्जा मिलने से राजिम में शहरी अधोसंरचना के विकास, नागरिक सुविधाओं के विस्तार तथा नियोजित विकास कार्यों के लिए अधिक वित्तीय संसाधन उपलब्ध होंगे। इससे क्षेत्र के समग्र विकास को नई गति मिलने की उम्मीद है।



