G-QKE15KJ9P0 25777229988609873
ChhattisgarhINDIAKabirdhamखास-खबर

भोरमदेव पदयात्रा की तैयारियां तेज, 3 अगस्त को निकलेगी 18 किमी की ऐतिहासिक यात्रा

कवर्धा। सावन माह के प्रथम सोमवार 3 अगस्त को आयोजित होने वाली ऐतिहासिक भोरमदेव पदयात्रा की तैयारियां जिले में जोर-शोर से शुरू हो गई हैं। उपमुख्यमंत्री विजय शर्मा की मंशानुरूप कलेक्टर गोपाल वर्मा के मार्गदर्शन में जिला प्रशासन, जनप्रतिनिधियों, सामाजिक संगठनों एवं आमजन के सहयोग से पदयात्रा को भव्य और ऐतिहासिक बनाने की तैयारियां की जा रही हैं।

कलेक्टर गोपाल वर्मा ने जिला कार्यालय में जनप्रतिनिधियों, गणमान्य नागरिकों, पत्रकारों, विभिन्न क्लबों, संघों एवं सामाजिक संगठनों के पदाधिकारियों की बैठक लेकर आयोजन को लेकर सुझाव लिए। बैठक में पदयात्रियों की सुरक्षा, सुविधा एवं व्यवस्थाओं पर विस्तार से चर्चा की गई।

18 किलोमीटर मार्ग पर होगी विशेष व्यवस्था

पदयात्रा 3 अगस्त को सुबह 7 बजे कवर्धा स्थित बूढ़ा महादेव मंदिर से प्रारंभ होकर भोरमदेव मंदिर तक पहुंचेगी। करीब 18 किलोमीटर लंबे मार्ग में श्रद्धालुओं एवं कांवड़ियों के लिए विभिन्न स्थानों पर पेयजल, नींबू शरबत, चाय, नाश्ता, विश्राम स्थल तथा स्वागत की विशेष व्यवस्था की जाएगी।

सुरक्षा और स्वास्थ्य पर विशेष ध्यान

प्रशासन द्वारा मार्ग में जगह-जगह स्वास्थ्य शिविर, एम्बुलेंस, चिकित्सकों की तैनाती, पेयजल, सुलभ शौचालय, पार्किंग एवं सुरक्षा व्यवस्था सुनिश्चित की जाएगी। समनापुर से भोरमदेव तक सड़क किनारे शोल्डर सुधार, रात्रिकालीन यात्रा के लिए प्रकाश व्यवस्था तथा पुलिस गश्त की भी व्यवस्था रहेगी।

भोरमदेव से कवर्धा तक मिलेगी नि:शुल्क बस सेवा

कलेक्टर ने बताया कि पदयात्रा समाप्त होने के बाद श्रद्धालुओं को भोरमदेव से कवर्धा वापस लाने के लिए नि:शुल्क बस सेवा उपलब्ध कराई जाएगी। साथ ही पदयात्रा के दौरान समनापुर से भोरमदेव मार्ग पर दोपहिया एवं चारपहिया वाहनों का आवागमन प्रतिबंधित रहेगा। अन्य वाहनों के लिए कवर्धा-सरोधा मार्ग को वैकल्पिक मार्ग बनाया जाएगा।

झांकियां और भंडारा होंगे आकर्षण का केंद्र

यात्रा के दौरान भगवान शिव, भारतीय संस्कृति एवं लोक परंपराओं पर आधारित आकर्षक धार्मिक झांकियों का प्रदर्शन किया जाएगा। वहीं ज्वाइन हैंड्स ग्रुप द्वारा सावन के प्रत्येक सोमवार को भोरमदेव मंदिर परिसर में कांवड़ियों एवं श्रद्धालुओं के लिए नि:शुल्क भंडारा एवं प्रसादी वितरण किया जाएगा।

अमरकंटक से आने वाले कांवड़ियों के लिए विशेष सुविधा

अमरकंटक से आने वाले कांवड़ियों के विश्राम के लिए विशेष शिविर, वाटरप्रूफ टेंट एवं सामाजिक भवनों में ठहरने की व्यवस्था की जाएगी। प्रशासन ने सभी विभागों को आवश्यक तैयारियां समय पर पूरी करने के निर्देश दिए हैं।

बैठक में जिला पंचायत अध्यक्ष ईश्वरी साहू, नगर पालिका अध्यक्ष चंद्रप्रकाश चंद्रवंशी, जिला पंचायत उपाध्यक्ष कैलाश चंद्रवंशी, पूर्व संसदीय सचिव डॉ. सियाराम साहू सहित जनप्रतिनिधि, अधिकारी, पत्रकार एवं विभिन्न सामाजिक संगठनों के प्रतिनिधि उपस्थित रहे।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button

You cannot copy content of this page