G-QKE15KJ9P0 25777229988609873
ChhattisgarhKCGखास-खबर

सुशासन तिहार-2026 : कुकुरमुड़ा समाधान शिविर में उमड़ा जनसैलाब, 16 ग्राम पंचायतों के ग्रामीणों ने उठाया लाभ

AP न्यूज़ विश्वराज ताम्रकार जिला ब्यूरो चीफ KCG

खैरागढ़ : सुशासन तिहार-2026 के अंतर्गत जनपद पंचायत खैरागढ़ की ग्राम पंचायत कुकुरमुड़ा में आयोजित जिला स्तरीय जनसमस्या निवारण एवं समाधान शिविर में ग्रामीणों की भारी सहभागिता देखने को मिली। कुकुरमुड़ा क्लस्टर की 16 ग्राम पंचायतों के ग्रामीणों ने बड़ी संख्या में पहुंचकर शासन की विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ उठाया तथा अपनी समस्याओं एवं मांगों को प्रशासन के समक्ष रखा।

शिविर में कुल 1293 आवेदन प्राप्त हुए, जिनमें 1274 मांग संबंधी आवेदन तथा 19 शिकायत संबंधी आवेदन शामिल हैं। प्राप्त आवेदनों के निराकरण के लिए संबंधित विभागों द्वारा आवश्यक कार्यवाही सुनिश्चित की जा रही है।

कार्यक्रम में जिला पंचायत उपाध्यक्ष विक्रांत सिंह, जिला पंचायत सभापति जमुना नरेश कुर्रे, जनपद पंचायत सभापति दीक्षापूर्ण चंद, जनपद सदस्य पीला बाई ज्ञानेंद्र, सदस्य लक्ष्मी देव कुमार, पूर्व जिला पंचायत सदस्य धम्मन साहू, विकेश गुप्ता, ग्राम पंचायत कुकुरमुड़ा की सरपंच चित्ररेखा पाल सहित क्षेत्र के जनप्रतिनिधि उपस्थित रहे। वहीं जिला पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी प्रेम कुमार पटेल, एसडीएम खैरागढ़ टंकेश्वर प्रसाद साहू, जनपद पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी हिमांशु गुप्ता सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी-कर्मचारी मौजूद रहे।

कार्यक्रम का शुभारंभ विभागीय स्टॉलों के निरीक्षण से किया गया। विभिन्न विभागों द्वारा हितग्राहियों को योजनाओं की जानकारी दी गई तथा पात्र लोगों को लाभान्वित किया गया। पंचायत एवं ग्रामीण विकास विभाग द्वारा 3 हितग्राहियों को प्रधानमंत्री आवास योजना अंतर्गत आवास की चाबी प्रदान की गई। राजस्व विभाग ने 10 हितग्राहियों को आबादी पट्टा वितरित किया। कृषि विभाग ने किसानों को मूंग एवं ढेंचा बीज उपलब्ध कराए, जबकि उद्यानिकी विभाग ने 6 हितग्राहियों को सब्जी मिनी किट प्रदान की। मत्स्य विभाग द्वारा एक हितग्राही को मछली पकड़ने का जाल वितरित किया गया।

समाज कल्याण विभाग ने 3 वरिष्ठ नागरिकों को वॉकिंग स्टिक प्रदान की। महिला एवं बाल विकास विभाग द्वारा 5 गर्भवती महिलाओं की गोद भराई कर सुपोषण किट तथा 5 हितग्राहियों को स्वच्छता किट वितरित किए गए। इस अवसर पर नशा मुक्ति एवं बाल विवाह रोकथाम संबंधी सामूहिक शपथ भी दिलाई गई।

स्वास्थ्य विभाग द्वारा आयोजित स्वास्थ्य शिविर में 235 लोगों की ओपीडी जांच की गई। 200 लोगों का रक्तचाप परीक्षण, 182 लोगों की शुगर जांच, 15 लोगों की नेत्र जांच की गई तथा 10 हितग्राहियों को निःशुल्क चश्मा वितरित किया गया। इसके अलावा 5 आयुष्मान कार्ड बनाए गए, 9 आभा आईडी का पंजीयन किया गया तथा 11 लोगों की सिकल सेल जांच की गई।

जनप्रतिनिधियों ने अपने संबोधन में कहा कि सुशासन तिहार शासन और जनता के बीच संवाद का प्रभावी माध्यम है। इसके माध्यम से ग्रामीणों की समस्याओं का त्वरित निराकरण किया जा रहा है तथा शासन की योजनाओं का लाभ अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाया जा रहा है। उन्होंने ग्रामीणों से विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं का अधिक से अधिक लाभ लेने का आह्वान किया।

शिविर में ग्रामीणों की उल्लेखनीय उपस्थिति और विभिन्न विभागों द्वारा प्रदान की गई सेवाओं ने सुशासन तिहार के उद्देश्य को सार्थक बनाया तथा शासन-प्रशासन और आमजन के बीच विश्वास एवं संवाद को और मजबूत किया।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button

You cannot copy content of this page