जालबांधा में पीएमएफएमई योजना अंतर्गत एक दिवसीय कार्यशाला संपन्न

AP न्यूज विश्वराज ताम्रकार जिला ब्यूरो चीफ केसीजी
खैरागढ़ : प्रधानमंत्री सूक्ष्म खाद्य उद्यम उन्नयन योजना (पीएमएफएमई) के अंतर्गत जिले के जालबांधा में एक दिवसीय जागरूकता कार्यशाला का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का आयोजन जिला व्यापार एवं उद्योग केन्द्र (डीआईसी) द्वारा किया गया।
कार्यशाला में स्व-सहायता समूहों की कुल 56 सदस्याओं ने उत्साहपूर्वक सहभागिता की। कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य स्व-सहायता समूहों को स्वरोजगार के लिए प्रेरित करना तथा केंद्र सरकार की पीएमएफएमई योजना के विभिन्न प्रावधानों की विस्तृत जानकारी प्रदान करना था।
कार्यक्रम में सहायक प्रबंधक, जिला व्यापार एवं उद्योग केन्द्र अर्जुन कुमार साहू द्वारा कार्यशाला के उद्देश्यों पर प्रकाश डालते हुए योजना की विस्तृत जानकारी दी गई। उन्होंने आवेदन प्रक्रिया, पात्रता, 35 प्रतिशत तक अनुदान प्रावधान तथा योजना से प्राप्त होने वाले लाभों के संबंध में विस्तार से बताया। साथ ही उपस्थित स्व-सहायता समूहों को योजनाओं से जुड़कर सूक्ष्म खाद्य उद्यम स्थापित करने एवं आत्मनिर्भर बनने हेतु प्रेरित किया।
कार्यशाला में ग्राम टेकापार कला की सफल उद्यमी सुनीता वर्मा विशेष रूप से उपस्थित रहीं। उन्होंने योजना के अंतर्गत लाभ प्राप्त कर मसाला निर्माण इकाई स्थापित करने का अपना अनुभव साझा किया। उन्होंने समूह की महिलाओं को बताया कि किस प्रकार योजना से जुड़कर स्वरोजगार स्थापित किया जा सकता है तथा आर्थिक सशक्तिकरण की दिशा में आगे बढ़ा जा सकता है।
कार्यक्रम के अंत में सहायक प्रबंधक अर्जुन साहू ने सभी प्रतिभागियों का आभार व्यक्त करते हुए कार्यक्रम की समापन घोषणा की।
