G-QKE15KJ9P0 25777229988609873
ChhattisgarhINDIARaipurखास-खबर

प्रमुख सचिव  सोनमणि बोरा के निर्देश पर सोलर पंप सुधार से जल आपूर्ति बहाल

अचानकमार के सुदूर वनांचल ग्राम शिवलखार में बैगा समुदाय को पेयजल संकट से मिली बड़ी राहत

रायपुर, 29 मई 2026/ मुंगेली जिले के अचानकमार क्षेत्र के सुदूर वनांचल ग्राम शिवलखार में जिला प्रशासन की तत्परता और संवेदनशील पहल से बैगा समुदाय को पेयजल संकट से बड़ी राहत मिली है। खराब पड़े सोलर पंप को शीघ्र सुधार कर पुनः चालू किए जाने से अब गांव में नियमित जल आपूर्ति बहाल हो गई है। बता दें कि छत्तीसगढ़ शासन के प्रमुख सचिव श्री सोनमणि बोरा मुंगेली जिले के प्रवास पर पहुंचे थे। इस दौरान उन्होंने कलेक्टर श्री कुन्दन कुमार के साथ ग्राम पंचायत अचानकमार के आश्रित ग्राम शिवलखार में चौपाल लगाकर ग्रामीणों से सीधा संवाद किया। चौपाल में ग्रामीणों ने अपनी समस्याएं और मांगें प्रमुख सचिव के समक्ष रखीं।

ग्रामीणों ने बताया कि जल जीवन मिशन के तहत लगाए गए दो ड्यूल सोलर पंपों में से एक पिछले कई महीनों से खराब हो चुका है। इसके कारण विशेष रूप से बैगा जनजाति के लोगों को पेयजल के लिए दूर-दूर तक जाना पड़ रहा था। गर्मी के मौसम में यह समस्या और अधिक गंभीर हो गई थी। समस्या की गंभीरता को देखते हुए प्रमुख सचिव श्री बोरा ने मौके पर ही लोक स्वास्थ्य यांत्रिकी विभाग को त्वरित कार्यवाही के निर्देश दिए। निर्देश के बाद विभाग ने क्रेडा विभाग से समन्वय स्थापित कर शीघ्र खराब सोलर पंप को बदलकर पुनः चालू कराया। सोलर पंप के सुधार के बाद गांव में फिर से नियमित जल आपूर्ति प्रारंभ हो गई है, जिससे ग्रामीणों में खुशी का माहौल है। विशेष रूप से बैगा समुदाय की महिलाओं और बच्चों को अब पेयजल के लिए भटकना नहीं पड़ रहा है। ग्रामीणों ने शासन-प्रशासन के प्रति आभार व्यक्त करते हुए कहा कि समय पर की गई कार्यवाही से उन्हें बड़ी राहत मिली है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button

You cannot copy content of this page