नई औद्योगिक नीति से जिले में शिक्षा और स्वास्थ्य क्षेत्र को मिलेगा बढ़ावा
AP न्यूज विश्वराज ताम्रकार जिला ब्यूरो चीफ केसीजी
खैरागढ़ :
छत्तीसगढ़ शासन की औद्योगिक विकास नीति 2024-30 के तहत जिले में स्वास्थ्य और शिक्षा के बुनियादी ढांचे को मजबूत करने की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल की गई है। जिला व्यापार एवं उद्योग केंद्र के महाप्रबंधक ने जानकारी दी है कि अब जिले के भीतर निजी क्षेत्र में उच्च गुणवत्ता वाले अस्पताल और स्कूल स्थापित करने वाले निवेशकों को विशेष प्रोत्साहन और अनुदान प्रदान किए जाएंगे।
इस नीति के अंतर्गत निवेशकों को कुल स्थाई पूंजी निवेश पर 150 प्रतिशत तक का औद्योगिक निवेश प्रोत्साहन दिया जाएगा। इसके साथ ही स्थाई पूंजी निवेश पर 40 प्रतिशत तक अनुदान, 50 प्रतिशत तक ब्याज अनुदान तथा विद्युत शुल्क में 100 प्रतिशत तक की छूट का प्रावधान किया गया है। इसके अतिरिक्त स्टाम्प शुल्क में भी 100 प्रतिशत छूट प्रदान की जाएगी।
जिला महाप्रबंधक प्रणय कुमार बघेल ने जिले के सभी निजी अस्पताल संचालकों, स्कूल प्रबंधन एवं इच्छुक निवेशकों से अपील की है कि वे इस नीति का लाभ उठाकर जिले के विकास में सहभागी बनें। इस पहल का मुख्य उद्देश्य जिले में रोजगार के नए अवसर सृजित करना तथा नागरिकों को बेहतर स्वास्थ्य एवं शिक्षा सुविधाएं उपलब्ध कराना है। अधिक जानकारी एवं आवेदन प्रक्रिया के लिए इच्छुक व्यक्ति विभागीय वेबसाइट https://invest.cg.gov.in/ का अवलोकन कर सकते हैं अथवा जिला व्यापार एवं उद्योग केंद्र, खैरागढ़-छुईखदान-गण्डई कार्यालय में संपर्क कर सकते हैं।
