G-QKE15KJ9P0 25777229988609873
ChhattisgarhINDIARaipurखास-खबर

पीएसवाय राष्ट्रीय उत्कृष्टता सम्मान समारोह में मेधावी विद्यार्थियों का हुआ सम्मान

मोबाइल और डिजिटल एडिक्शन से बचें, मानव बुद्धि ही सर्वोच्च है : राज्यपाल रमेन डेका

रायपुर, 18 जुलाई 2026। राज्यपाल रमेन डेका ने विद्यार्थियों से मोबाइल और डिजिटल एडिक्शन से दूर रहने का आह्वान करते हुए कहा कि कृत्रिम बुद्धिमत्ता (एआई) और गूगल उपयोगी साधन हैं, लेकिन वे कभी भी मानव बुद्धि का विकल्प नहीं बन सकते। उन्होंने कहा कि विद्यार्थियों को अपनी मौलिक सोच, अध्ययन की आदत और निर्णय लेने की क्षमता को हमेशा विकसित करना चाहिए।

राज्यपाल शनिवार को रायपुर के विमतारा ऑडिटोरियम में पीएसवाय एजुकेशन एंड रिसर्च फेडरेशन द्वारा आयोजित राष्ट्रीय उत्कृष्टता सम्मान समारोह एवं पदक तथा निधि वितरण-2026 में मुख्य अतिथि के रूप में संबोधित कर रहे थे। इस अवसर पर प्रदेश के विभिन्न जिलों के मेधावी विद्यार्थियों तथा उत्कृष्ट जिला शिक्षा अधिकारियों को सम्मानित किया गया।

राज्यपाल ने कहा कि छात्र जीवन की मित्रता सबसे निर्मल और अमूल्य होती है। उन्होंने विद्यार्थियों से किसी भी प्रकार के नशे से दूर रहने की अपील करते हुए कहा कि डिजिटल एडिक्शन भी अन्य नशों की तरह हानिकारक है। मोबाइल का उपयोग केवल पढ़ाई और आवश्यक कार्यों तक सीमित रखना चाहिए।

उन्होंने कहा कि आज इंटरनेट और एआई का युग है, लेकिन “गूगल इफेक्ट” से बचना जरूरी है। सोचने, समझने और सही निर्णय लेने की क्षमता ही मनुष्य की सबसे बड़ी ताकत है।

राज्यपाल ने अभिभावकों से बच्चों की प्रतिभा और रुचि को पहचानकर उसी दिशा में आगे बढ़ाने का आग्रह किया। उन्होंने कहा कि प्रत्येक बच्चे का आईआईटी या मेडिकल क्षेत्र में जाना जरूरी नहीं है। राष्ट्रीय शिक्षा नीति-2020 विद्यार्थियों को उनकी रुचि के अनुरूप अनेक नए अवसर उपलब्ध कराती है।

उन्होंने विद्यार्थियों से बड़े सपने देखने का आह्वान करते हुए कहा कि सफलता व्यक्ति की पृष्ठभूमि से नहीं, बल्कि उसकी मेहनत, लगन और संकल्प से तय होती है। संतुष्टि और सौहार्दपूर्ण जीवन ही वास्तविक सफलता का आधार है।

राज्यपाल ने कहा कि सम्मानित होने वाले प्रत्येक विद्यार्थी की उपलब्धि उसके माता-पिता के त्याग और गुरुजनों के मार्गदर्शन का परिणाम है। उन्होंने अभिभावकों से बच्चों की तुलना दूसरों से न करने और उनकी क्षमता के अनुसार आगे बढ़ने का अवसर देने की अपील की।

कार्यक्रम में विशिष्ट अतिथि एवं पूर्व विधानसभा अध्यक्ष धरमलाल कौशिक ने कहा कि शिक्षा ही विद्यार्थियों को उनके लक्ष्य तक पहुंचाने का सबसे प्रभावी माध्यम है। विधायक पुरंदर मिश्रा ने अनुशासन, परिश्रम और निरंतर सीखने की भावना को सफलता की कुंजी बताया।

कार्यक्रम के प्रारंभ में पीएसवाय एजुकेशन एंड रिसर्च फेडरेशन के निदेशक डॉ. एस.के. मिश्रा ने संस्था की गतिविधियों की जानकारी दी, जबकि मुख्य योजना समन्वयक शुभ्रा शुक्ला मिश्रा ने आभार व्यक्त किया।

समारोह में सीबीएसई के क्षेत्रीय निदेशक जगदीश बर्मन, विभिन्न संभागों के जिला शिक्षा अधिकारी, प्राचार्य, शिक्षक, मेधावी विद्यार्थी, उनके अभिभावक तथा पीएसवाय फेडरेशन के पदाधिकारी बड़ी संख्या में उपस्थित रहे।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button

You cannot copy content of this page