फोटोयुक्त मतदाता सूची का अंतिम प्रकाशन के संबंध में राजनीतिक दलों की बैठक 21 फरवरी को
AP न्यूज विश्वराज ताम्रकार जिला ब्यूरो केसीजी
खैरागढ़ :
कलेक्टर एवं जिला निर्वाचन अधिकारी, खैरागढ़-छुईखदान-गंडई (छ.ग.) द्वारा निर्वाचन नामावलियों के विशेष गहन पुनरीक्षण (SIR) अर्हता तिथि 01 जनवरी 2026 के तहत फोटोयुक्त मतदाता सूची के अंतिम प्रकाशन के संबंध में आवश्यक निर्देश जारी किए गए हैं।
जारी सूचना के अनुसार भारत निर्वाचन आयोग, नई दिल्ली से प्राप्त निर्देशानुसार 21 फरवरी 2026 को फोटोयुक्त निर्वाचन नामावलियों का अंतिम प्रकाशन किया जाना है। इस संबंध में मान्यता प्राप्त राजनीतिक दलों को मतदाता सूची की प्रतियां प्रदान की जानी हैं।
इसी परिप्रेक्ष्य में दिनांक 21 फरवरी 2026 को प्रातः 11:00 बजे कार्यालय कलेक्टर, जिला खैरागढ़-छुईखदान-गंडई के सभाकक्ष में बैठक आयोजित की गई है। बैठक में भारतीय जनता पार्टी, इंडियन नेशनल कांग्रेस, बहुजन समाज पार्टी, आम आदमी पार्टी एवं छत्तीसगढ़ जनता कांग्रेस (जे) सहित अन्य मान्यता प्राप्त राजनीतिक दलों के जिला अध्यक्ष/सचिव को आमंत्रित किया गया है।
उप जिला निर्वाचन अधिकारी ने संबंधित दलों के प्रतिनिधियों से निर्धारित तिथि एवं समय पर अनिवार्य रूप से उपस्थित होने का आग्रह किया है, ताकि निर्वाचन नामावलियों के अंतिम प्रकाशन की प्रक्रिया विधिवत संपन्न की जा सके।



