रेडी टू ईट वितरण में फेस वेरीफिकेशन कार्य में केसीजी जिला राज्य में द्वितीय स्थान पर

AP न्यूज विश्वराज ताम्रकार जिला ब्यूरो चीफ केसीजी
कलेक्टर इंद्रजीत सिंह चन्द्रवाल के निर्देशन में महिला एवं बाल विकास विभाग की बड़ी उपलब्धि
खैरागढ़ 24 जून 2025// रेडी टू ईट (Ready to Eat) वितरण प्रक्रिया में फेस वेरीफिकेशन कार्य के सफल क्रियान्वयन में खैरागढ़-छुईखदान-गंडई जिला ने राज्य स्तर पर द्वितीय स्थान प्राप्त किया है। यह सफलता कलेक्टर इंद्रजीत सिंह चन्द्रवाल के सशक्त निर्देशन एवं महिला एवं बाल विकास विभाग की टीम के सतत प्रयासों का परिणाम है।
महिला एवं बाल विकास विभाग द्वारा गत माह दोनों परियोजनाओं के अंतर्गत सभी आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं को फेस वेरीफिकेशन प्रक्रिया हेतु प्रशिक्षण दिया गया था। साथ ही, उन्हें तकनीकी पहलुओं की विस्तृत जानकारी प्रदान की गई, जिससे फील्ड में कार्य की गुणवत्ता में उल्लेखनीय सुधार देखने को मिला।
परियोजना अधिकारी श्री सुनील बंजारे ने बताया कि कार्य प्रारंभ करते समय कई तकनीकी समस्याओं का सामना करना पड़ा, जैसे मोबाइल नंबर बंद होना, आधार अपडेट न होना, और दूरस्थ वनांचल क्षेत्रों में नेटवर्क की समस्या। बावजूद इसके, जिला प्रशासन के मार्गदर्शन में इन बाधाओं को पार करते हुए लक्ष्य को प्राप्त किया गया। इसके परिणामस्वरूप जिले को राज्य में दूसरा स्थान प्राप्त हुआ, जिसकी सराहना राज्य स्तर पर भी की गई।
भारत सरकार द्वारा 1 जुलाई से फेस वेरीफिकेशन प्रक्रिया को अनिवार्य रूप से लागू किया जा रहा है। इसी कड़ी में सभी जिलों को समयबद्ध रूप से कार्य पूर्ण करने के निर्देश जारी किए गए थे।
जिला कार्यक्रम अधिकारी पी.आर. खुटेल ने बताया कि परियोजनाओं के मास्टर ट्रेनर्स द्वारा आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं को प्रभावी प्रशिक्षण दिया गया, जिसके सकारात्मक परिणाम फील्ड में देखने को मिले हैं। उन्होंने यह भी कहा कि आगामी समय में निरंतर प्रयास कर जिले को राज्य में प्रथम स्थान पर लाने का लक्ष्य रखा गया है।