राजस्व पखवाड़ा में आवेदनों का निराकरण, लंबित प्रकरणों के त्वरित निपटारे के निर्देश

AP न्यूज विश्वराज ताम्रकार जिला ब्यूरो चीफ केसीजी
खैरागढ़ : प्रदेश शासन के निर्देशानुसार आयोजित राजस्व पखवाड़ा कार्यक्रम के तहत जिले में राजस्व संबंधी समस्याओं के त्वरित निराकरण के लिए ग्राम स्तर पर शिविरों का आयोजन किया गया। यह अभियान 1 अप्रैल से 15 अप्रैल 2026 तक संचालित हुआ।
राजस्व पखवाड़ा के दौरान जिले में कुल 4876 आवेदन प्राप्त हुए, जिनमें से 4617 आवेदनों का निराकरण कर लिया गया है। वहीं 259 आवेदन शेष हैं, जिनके शीघ्र निराकरण के लिए संबंधित अधिकारियों को आवश्यक निर्देश दिए गए हैं।
कलेक्टर कार्यालय (भू-अभिलेख शाखा) से प्राप्त जानकारी के अनुसार, इस अभियान के माध्यम से आम नागरिकों को उनकी जमीन, नामांतरण, बंटवारा, सीमांकन सहित अन्य राजस्व संबंधी समस्याओं का त्वरित समाधान उपलब्ध कराया गया। शिविरों में अधिकारियों की सक्रिय उपस्थिति से लोगों को मौके पर ही राहत मिली।
प्रशासन द्वारा निर्देशित किया गया है कि शेष लंबित प्रकरणों का प्राथमिकता के आधार पर शीघ्र निराकरण सुनिश्चित किया जाए, ताकि आमजन को अनावश्यक परेशानी का सामना न करना पड़े। साथ ही आगामी चरणों—4 मई से 18 मई एवं 1 जून से 15 जून 2026—में भी राजस्व पखवाड़ा का प्रभावी संचालन सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए हैं।
जिला प्रशासन ने आम नागरिकों से अपील की है कि वे आगामी शिविरों में अधिक से अधिक संख्या में पहुंचकर अपनी राजस्व संबंधी समस्याओं का समाधान प्राप्त करें।
