प्रधानमंत्री सुरक्षित मातृत्व अभियान का निरीक्षण: कलेक्टर ने गर्भवती महिलाओं के लिए निशुल्क सोनोग्राफी की सुविधा सुनिश्चित करने के दिए निर्देश


AP न्यूज विश्वराज ताम्रकार जिला ब्यूरो केसीजी

खैरागढ़ 25 जुलाई 2025//
जिला कलेक्टर इंद्रजीत सिंह चंद्रवाल ने आज सिविल अस्पताल खैरागढ़ का औचक निरीक्षण कर प्रधानमंत्री सुरक्षित मातृत्व अभियान की प्रगति की समीक्षा की। इस दौरान उन्होंने गर्भवती महिलाओं के स्वास्थ्य परीक्षण की व्यवस्था का अवलोकन किया और हाई रिस्क प्रेग्नेंसी वाली महिलाओं के लिए निशुल्क सोनोग्राफी की सुविधा प्राइवेट सोनोग्राफी सेंटर से अनुबंधित कर उपलब्ध कराने के निर्देश दिए।
कलेक्टर श्री चंद्रवाल ने आयुष्मान भारत योजना के अंतर्गत प्रतिदिन औसतन इलाज कराने वाले मरीजों की संख्या की भी जानकारी ली। उन्होंने मेडिसिन रूम, नवीन वार्ड, लेबर रूम, ऑपरेशन थियेटर, स्टाफ क्वार्टर एवं कार्यालय भवनों की स्थिति की समीक्षा की।
निरीक्षण के दौरान उन्होंने अस्पताल परिसर की साफ-सफाई, मरीजों के बैठने की समुचित व्यवस्था तथा सुविधाओं के विस्तार के संबंध में संबंधित अधिकारियों को आवश्यक निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि मरीजों को बेहतर स्वास्थ्य सुविधाएं उपलब्ध कराना प्रशासन की प्राथमिकता है और इसके लिए हर संभव कदम उठाए जाएंगे।